भागलपुर, 30 अगस्त 2026:- भागलपुर जिले में आपदा प्रबंधन एवं सुरक्षा कार्यों को तेजी से आगे बढ़ाया जा रहा है। जिला प्रशासन की ओर से बाढ़ की स्थिति से निपटने तथा राहत एवं बचाव कार्यों में तेजी लाने के लिए अतिरिक्त बल, भारी मशीनरी एवं तकनीकी विशेषज्ञों को मैदान में उतारा गया है। संवेदनशील स्थलों पर युद्धस्तर पर सुरक्षात्मक एवं कटाव-निरोधक कार्य किए जा रहे हैं।
रात के समय भी स्थिति का जायजा लेते हुए जिलाधिकारी ने मीडिया को जानकारी दी कि जिले के विभिन्न संवेदनशील स्थलों पर प्रशासन की टीम लगातार सक्रिय है। स्थिति की निगरानी के साथ-साथ आवश्यकतानुसार तत्काल सुरक्षात्मक कदम उठाए जा रहे हैं।
अतिरिक्त संसाधनों की तैनाती
राहत एवं बचाव कार्यों को गति देने के लिए ठेकेदारों, भारी मशीनों तथा अतिरिक्त श्रमबल को बड़े पैमाने पर लगाया गया है। प्रशासन का प्रयास है कि संवेदनशील क्षेत्रों में चल रहे कार्यों को निर्धारित समय-सीमा के भीतर पूरा किया जा सके।
विशेषज्ञों की टीम लगातार कर रही निगरानी
जल संसाधन विभाग (WRD) की विशेषज्ञ टीमें लगातार विभिन्न स्थलों की स्थिति पर नजर बनाए हुए हैं। विशेषज्ञ टीमों से प्राप्त तकनीकी इनपुट के आधार पर आवश्यकतानुसार तत्काल कार्रवाई की जा रही है, ताकि बाढ़ एवं कटाव से उत्पन्न संभावित खतरे को नियंत्रित किया जा सके।
कई संवेदनशील स्थलों पर समानांतर कार्य
रेलवे बांध के संरक्षण का कार्य तेजी से जारी है। इसके साथ ही महादेवपुर घाट एवं ब्रह्मस्थान में भी सुरक्षात्मक कार्य प्रगति पर हैं। वहीं, ‘ई-नोज’ (E-Nose) सहित अन्य महत्वपूर्ण बिंदुओं पर भी समानांतर रूप से कार्य किया जा रहा है।
जिला प्रशासन ने कहा है कि राहत, बचाव एवं सुरक्षात्मक कार्यों को लेकर प्रशासन पूरी मुस्तैदी के साथ कार्य कर रहा है। अधिकारियों का विश्वास है कि उपलब्ध संसाधनों एवं विशेषज्ञ टीमों के समन्वित प्रयास से निर्धारित समय-सीमा के भीतर सभी सुरक्षात्मक एवं कटाव-निरोधक कार्यों को सफलतापूर्वक पूरा कर लिया जाएगा।
45 views | Bhagalpur, Bihar | Aug 31, 2026