भागलपुर, 31 अगस्त 2026:- बेटी बचाओ, बेटी पढ़ाओ योजना के अंतर्गत महिला एवं बाल विकास निगम, भागलपुर द्वारा अन्य पिछड़ा वर्ग कन्या आवासीय +2 उच्च विद्यालय, शाहकुंड में छात्राओं के लिए मासिक धर्म स्वच्छता प्रबंधन (MHM) एवं वित्तीय साक्षरता विषय पर विशेष जागरूकता सत्र का आयोजन किया गया।
कार्यक्रम में डीएचईडब्ल्यू (DHEW) के डिस्ट्रिक्ट मिशन कोऑर्डिनेटर श्री तबरेज खान एवं फाइनेंशियल लिटरेसी स्पेशलिस्ट श्री अभिषेक सुमन ने छात्राओं के साथ संवाद स्थापित कर उन्हें स्वास्थ्य, सुरक्षा, अधिकारों एवं आर्थिक सशक्तीकरण से संबंधित महत्वपूर्ण जानकारी दी।
सर्वप्रथम डिस्ट्रिक्ट मिशन कोऑर्डिनेटर श्री तबरेज खान ने छात्राओं को महिलाओं एवं बालिकाओं की सुरक्षा, उनके अधिकारों तथा उपलब्ध सहायता सेवाओं के संबंध में जानकारी दी। उन्होंने 181 महिला हेल्पलाइन, चाइल्ड हेल्पलाइन, बाल विवाह की रोकथाम एवं किसी भी प्रकार की समस्या अथवा असुरक्षा की स्थिति में उपलब्ध सहायता तंत्र से संपर्क करने के संबंध में विस्तार से बताया। उन्होंने छात्राओं को अपने अधिकारों के प्रति जागरूक रहने तथा प्रत्येक परिस्थिति में निर्भीकतापूर्वक अपनी बात रखने के लिए प्रेरित किया।
इस दौरान महिला एवं बाल विकास निगम, भागलपुर द्वारा आदमपुर में संचालित कामकाजी महिला छात्रावास ‘आकांक्षा’ के संबंध में भी छात्राओं को जानकारी दी गई। उन्हें बताया गया कि छात्रावास का उद्देश्य कामकाजी महिलाओं को सुरक्षित, सुविधाजनक एवं सम्मानजनक आवासीय वातावरण उपलब्ध कराना है। छात्राओं को भविष्य में शिक्षा एवं रोजगार के लिए दूसरे शहरों में जाने की स्थिति में सुरक्षित आवास एवं महिला-केंद्रित सुविधाओं के प्रति भी जागरूक किया गया।
इसके पश्चात फाइनेंशियल लिटरेसी स्पेशलिस्ट श्री अभिषेक सुमन ने छात्राओं को आय, व्यय, बजट, बचत एवं वित्तीय योजना के महत्व को सरल एवं व्यावहारिक तरीके से समझाया। उन्होंने सुकन्या समृद्धि योजना की जानकारी देते हुए कहा कि महिलाओं एवं बालिकाओं के वास्तविक सशक्तीकरण के लिए आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर एवं वित्तीय रूप से जागरूक होना अत्यंत आवश्यक है।
उन्होंने छात्राओं को अपने सपनों के साथ वित्तीय लक्ष्य निर्धारित करने के लिए प्रेरित करते हुए कहा कि वे डॉक्टर, शिक्षक, वकील अथवा किसी भी क्षेत्र में अपना करियर बनाना चाहती हैं, तो इसके साथ भविष्य की आय, बचत एवं अपने लक्ष्यों की प्राप्ति के लिए वित्तीय तैयारी की योजना भी बनानी चाहिए। उन्होंने छोटी उम्र से ही बचत की आदत विकसित करने, बैंकिंग एवं वित्तीय सेवाओं से जुड़ने तथा वित्तीय समावेशन (Financial Inclusion) को अपने भविष्य की योजना का महत्वपूर्ण हिस्सा बनाने का संदेश दिया।
सत्र के दौरान मासिक धर्म स्वच्छता एवं स्वास्थ्य, बाल विवाह की रोकथाम, 181 महिला हेल्पलाइन, चाइल्ड हेल्पलाइन सहित महिलाओं एवं बालिकाओं की सुरक्षा एवं सहायता से जुड़े अन्य महत्वपूर्ण विषयों पर भी विस्तार से चर्चा की गई।
विद्यालय की प्रधानाचार्य श्रीमती खुशबू कुमारी, शिक्षकगण एवं छात्राओं ने कार्यक्रम में सक्रिय सहभागिता की। छात्राओं की जिज्ञासाओं एवं प्रश्नों के समाधान के लिए प्रश्नोत्तर एवं संवाद सत्र भी आयोजित किया गया, जिसमें छात्राओं ने विभिन्न विषयों पर प्रश्न पूछे और विशेषज्ञों द्वारा उनकी जिज्ञासाओं का समाधान किया गया।
कार्यक्रम के अंत में छात्राओं को बाल विवाह के खिलाफ शपथ दिलाई गई तथा मासिक धर्म स्वच्छता को बढ़ावा देने के उद्देश्य से MHM किट का वितरण किया गया।
इस कार्यक्रम के माध्यम से छात्राओं को यह संदेश दिया गया कि स्वास्थ्य, शिक्षा, सुरक्षा, अपने अधिकारों के प्रति जागरूकता एवं वित्तीय आत्मनिर्भरता—सभी उनके समग्र सशक्तीकरण के महत्वपूर्ण आधार हैं।
13 views | Bhagalpur, Bihar | Aug 31, 2026