*सदर अस्पताल में स्वास्थ्य सेवाओं एवं मरीजों को मिल रही सुविधाओं का उप विकास आयुक्त ने लिया जायजा*
*दो अतिरिक्त दवा वितरण केंद्र शुरू करने की जताई गई आवश्यकता*
भागलपुर, 18 सितंबर 2026।
रोगी कल्याण समिति के शासी निकाय की बैठक में दिए गए निर्देश के आलोक में आज दिनांक 18 सितंबर 2026 को उप विकास आयुक्त-सह-उपाध्यक्ष, रोगी कल्याण समिति, सदर अस्पताल, भागलपुर के नेतृत्व में समिति के सदस्यों द्वारा सदर अस्पताल, भागलपुर का निरीक्षण किया गया। इस दौरान अस्पताल के विभिन्न भवनों, स्वास्थ्य सेवाओं एवं मरीजों को उपलब्ध कराई जा रही सुविधाओं का जायजा लिया गया।
निरीक्षण के दौरान पुराने ओपीडी भवन, विक्टोरिया भवन एवं एमसीएच भवन के बाहरी हिस्से में रंग-रोगन, आवश्यक स्थानों पर मरम्मति कार्य, एसएनसीयू में फायर एग्जिट निर्माण, पंजीकरण काउंटर एवं एमसीएच भवन के समीप प्याऊ निर्माण तथा दवा वितरण काउंटर पर रेलिंग निर्माण की आवश्यकता का आकलन किया गया। उक्त कार्यों को अनुमोदित किया गया।
समिति के सदस्यों द्वारा आईसीयू, इमरजेंसी, जीविका की रसोई, दवा वितरण काउंटर एवं एसएनसीयू का भी निरीक्षण किया गया। इस दौरान मरीजों को उपलब्ध कराई जा रही स्वास्थ्य सेवाओं एवं अन्य सुविधाओं की जानकारी ली गई।
अस्पताल में इलाजरत मरीजों से बातचीत के क्रम में मरीजों ने बताया कि आवश्यक जांच एवं दवाएं अस्पताल में निःशुल्क उपलब्ध कराई जा रही हैं तथा उन्हें बाहर से दवा खरीदने की आवश्यकता नहीं पड़ रही है।
वर्तमान में सदर अस्पताल में चार दवा वितरण काउंटर संचालित हैं। मरीजों की भीड़ एवं काउंटरों पर बढ़ते दबाव को देखते हुए दो अतिरिक्त दवा वितरण केंद्र संचालित करने की आवश्यकता जताई गई, ताकि मरीजों को दवा प्राप्त करने में सुविधा हो तथा प्रतीक्षा समय एवं अनावश्यक भीड़ को कम किया जा सके।
सदर अस्पताल के प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी डॉ. राजू ने बताया कि जुलाई 2026 की तुलना में अगस्त 2026 में सदर अस्पताल से मरीजों के रेफरल की संख्या में 72 प्रतिशत की कमी दर्ज की गई है। उनके अनुसार, राज्य में दर्ज रेफरल संख्या में यह सर्वाधिक गिरावट है। इसे सदर अस्पताल में उपलब्ध स्वास्थ्य सेवाओं एवं उपचार सुविधाओं में सुधार के एक महत्वपूर्ण संकेतक के रूप में बताया गया।
निरीक्षण के दौरान मरीजों की सुविधा, भवनों के रख-रखाव, साफ-सफाई, सुरक्षा तथा स्वास्थ्य सेवाओं को और बेहतर बनाने से संबंधित आवश्यक बिंदुओं पर भी चर्चा की गई।
इस अवसर पर उप विकास आयुक्त, सिविल सर्जन डॉ. राजू, श्री रोहित पासवान, श्री संजीव कुमार, श्री प्रदीप कुमार सिंह, श्रीमती वंदना तिवारी, श्री नितेश कुमार सिंह, श्री मुकेश राणा, डॉ. गौतम कुमार, जिला कार्यक्रम प्रबंधक, अस्पताल प्रबंधक सहित अन्य संबंधित पदाधिकारी एवं कर्मी उपस्थित थे।
जिला जन-संपर्क कार्यालय,
भागलपुर
District Administration Patna
DM Darbhanga
District Administration, Madhubani
CMO Bihar
DM Bhojpur
Madhepura District Administration
Information & Public Relations Department, Government of Bihar
Bihar Health Department
1 views | Bhagalpur, Bihar | Sep 18, 2026