*पॉलिटेक्निक कॉलेज स्थित बाढ़ राहत शिविर में 380 बाढ़ प्रभावित परिवारों के बीच राहत किट का वितरण*
भागलपुर, दिनांक 17 सितंबर 2026।
पॉलिटेक्निक कॉलेज मैदान में संचालित बाढ़ राहत शिविर में आवासित 380 बाढ़ प्रभावित परिवारों के बीच गुरुवार को राहत किट का वितरण किया गया। अपर समाहर्ता (आपदा) श्री कुंदन कुमार के नेतृत्व में शिविर में रह रहे बाढ़ प्रभावित परिवारों को दैनिक जीवन में आवश्यक उपयोग की सामग्री उपलब्ध कराई गई।
अपर समाहर्ता (आपदा) श्री कुंदन कुमार ने बताया कि राहत शिविर में पंजीकृत 380 परिवारों के सभी सदस्यों एवं बच्चों की आवश्यकताओं को ध्यान में रखते हुए राहत किट तैयार किए गए हैं। प्रत्येक परिवार एवं उसके सदस्यों की आवश्यकता एवं आयु वर्ग के अनुसार बर्तन, वस्त्र तथा दैनिक उपयोग की आवश्यक सामग्री उपलब्ध कराई जा रही है।
उन्होंने बताया कि बच्चों के लिए उनकी आयु एवं साइज के अनुसार कपड़े उपलब्ध कराए जा रहे हैं। बालकों के लिए हाफ पैंट एवं टी-शर्ट तथा बालिकाओं के लिए स्कर्ट/फ्रॉक एवं अन्य आवश्यक वस्त्र दिए जा रहे हैं। वहीं महिलाओं के लिए साड़ी, साया एवं ब्लाउज तथा पुरुषों के लिए लुंगी, गंजी एवं गमछा उपलब्ध कराया जा रहा है।
राहत किट में बर्तन, लोटा, गिलास, स्नान एवं कपड़े धोने के साबुन, सर्फ, सुगंधित केश तेल, कंघी, आईना सहित दैनिक उपयोग की अन्य आवश्यक सामग्री भी शामिल है।
श्री कुंदन कुमार ने बताया कि राहत किट तैयार करने में लगभग 3-4 दिन का समय लगा और आज से इसके वितरण की शुरुआत की गई है। पॉलिटेक्निक कॉलेज राहत शिविर के बाद जिले के अन्य राहत शिविरों में आवासित बाढ़ प्रभावित परिवारों के बीच भी राहत किट का वितरण किया जाएगा।
वितरण के दौरान जगदीशपुर अंचलाधिकारी श्री सतीश कुमार सहित अन्य प्रशासनिक पदाधिकारी उपस्थित रहे। वहीं आपदा मित्र श्री हिमांशु कुमार, अमित कुमार, सनी मालदार, बंटी यादव, संजीव कुमार, सनोज पासवान एवं बाबूलाल शाह सहित अन्य सदस्य राहत कार्य में सक्रिय रूप से मौजूद रहे।
जिला प्रशासन द्वारा बाढ़ राहत शिविरों में आवासित प्रभावित परिवारों को आवश्यक सुविधाएं एवं सामग्री उपलब्ध कराने का कार्य निरंतर जारी है।
जिला जनसंपर्क कार्यालय, भागलपुर
9 views | Bhagalpur, Bihar | Sep 18, 2026