*स्वच्छता ही सेवा–2026 अभियान का शुभारंभ, जिलाधिकारी ने स्वच्छता जागरूकता रैली को हरी झंडी दिखाकर किया रवाना*
भागलपुर, दिनांक 17 सितंबर 2026।
स्वच्छ भारत मिशन (ग्रामीण) के अंतर्गत स्वच्छता ही सेवा–2026 अभियान का शुभारंभ आज भागलपुर जिले में उत्साह, जागरूकता एवं व्यापक जनभागीदारी के साथ किया गया। इस अवसर पर जिला पदाधिकारी, भागलपुर श्रीमती अलंकृता पांडेय ने स्वच्छता जागरूकता रैली को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।
रैली के माध्यम से आमजनों को स्वच्छता अपनाने, आसपास स्वच्छ एवं स्वस्थ वातावरण बनाए रखने, कचरे का उचित प्रबंधन करने तथा स्वच्छता को दैनिक जीवन का अभिन्न हिस्सा बनाने का संदेश दिया गया। रैली में अधिकारियों, कर्मियों एवं आमजनों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की और स्वच्छता के प्रति जागरूकता का संदेश जन-जन तक पहुंचाया। इस दौरान सभी ने स्वच्छ एवं सुंदर भागलपुर के निर्माण में सक्रिय भागीदारी का संकल्प लिया।
स्वच्छता ही सेवा–2026 अभियान 17 सितंबर से 2 अक्टूबर 2026 तक जिले में आयोजित किया जा रहा है। अभियान के दौरान विभिन्न प्रखंडों एवं ग्राम पंचायतों में स्वच्छता जागरूकता, श्रमदान, ठोस एवं तरल अपशिष्ट प्रबंधन, स्वच्छता संबंधी जन-जागरूकता तथा सामुदायिक सहभागिता से जुड़ी विभिन्न गतिविधियों का आयोजन किया जाएगा।
अभियान का मुख्य उद्देश्य स्वच्छता को केवल एक अभियान तक सीमित न रखते हुए इसे जन-व्यवहार एवं दैनिक जीवन का हिस्सा बनाना तथा स्वच्छता के प्रति सामूहिक जिम्मेदारी की भावना को मजबूत करना है। ग्रामीण क्षेत्रों में स्वच्छता, अपशिष्ट के उचित प्रबंधन एवं स्वच्छ वातावरण के महत्व के प्रति व्यापक जन-जागरूकता विकसित करने पर विशेष बल दिया जाएगा।
इस अवसर पर उप विकास आयुक्त, नगर आयुक्त सहित जिला स्तरीय पदाधिकारी एवं कर्मी उपस्थित रहे।
जिला प्रशासन, भागलपुर ने जिलेवासियों से अपील की कि वे स्वच्छता ही सेवा–2026 अभियान में सक्रिय भागीदारी निभाएं, अपने घर एवं आसपास के क्षेत्र को स्वच्छ रखें, कचरे का उचित प्रबंधन करें तथा स्वच्छ एवं स्वस्थ भागलपुर के निर्माण में अपनी महत्वपूर्ण भूमिका निभाएं।
जिला जनसंपर्क कार्यालय, भागलपुर
21 views | Bhagalpur, Bihar | Sep 18, 2026