महान मार्क्सवादी चिंतक कॉमरेड शिवदास घोष की स्मृति में श्रद्धांजलि सभा, समाजवादी क्रांति के लक्ष्य पर आगे बढ़ने का आह्वान
इस युग के महान मार्क्सवादी दार्शनिक, क्रांतिकारी चिंतक एवं एसयूसीआई (कम्युनिस्ट) के वैचारिक मार्गदर्शक कॉमरेड शिवदास घोष के स्मृति दिवस के अवसर पर बुधवार को पार्टी के जिला कार्यालय, मोतीझील, मुजफ्फरपुर में श्रद्धांजलि कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की शुरुआत पार्टी ध्वजारोहण तथा कॉमरेड शिवदास घोष के चित्र पर पुष्पांजलि अर्पित कर की गई।
इस अवसर पर राज्य कमिटी सदस्य अर्जुन कुमार ने कहा कि कॉमरेड शिवदास घोष ने अपने जीवन और विचारों के माध्यम से शोषण, अन्याय और पूंजीवादी व्यवस्था के विरुद्ध संघर्ष का वैज्ञानिक एवं क्रांतिकारी मार्ग दिखाया। उन्होंने स्पष्ट किया कि पूंजीवादी शोषण से आम जनता की वास्तविक मुक्ति केवल समाजवादी क्रांति के माध्यम से ही संभव है।
उन्होंने कहा कि जब तक पूंजीवादी व्यवस्था कायम रहेगी, तब तक महंगाई, बेरोजगारी, भ्रष्टाचार, अपराध, सांप्रदायिकता, अश्लीलता, महिलाओं पर हिंसा तथा सामाजिक असमानता जैसी समस्याएं समाप्त नहीं होंगी। संसदीय राजनीति इन जटिल समस्याओं का समाधान नहीं कर सकती। इसलिए आज के दिन प्रत्येक कार्यकर्ता को व्यक्तिवाद और स्वार्थ से ऊपर उठकर जनहित के लिए संगठित, अनुशासित एवं निरंतर संघर्ष का संकल्प लेना होगा तथा पूंजीवाद-विरोधी समाजवादी क्रांति के लक्ष्य को सफल बनाने के लिए स्वयं को समर्पित करना होगा।
श्रद्धांजलि कार्यक्रम के उपरांत पटना में आयोजित राज्यस्तरीय स्मृति सभा में भाग लेने के लिए मुजफ्फरपुर जिले से सैकड़ों कार्यकर्ता रवाना हुए।