जयपुर-असरवा एक्सप्रेस में बम की सूचना से अफरा-तफरी:अजमेर में देर रात प्लेटफॉर्म खाली कराकर पूरी ट्रेन खंगाली, झूठी सूचना देने वाला यात्री डिटेन
.
.
अजमेर। जयपुर-असरवा एक्सप्रेस ट्रेन संख्या 12981 में मंगलवार देर रात बम होने की सूचना से अजमेर रेलवे स्टेशन पर हड़कंप मच गया। सूचना मिलने पर ट्रेन को अजमेर स्टेशन पर रोककर जीआरपी, आरपीएफ, क्लॉक टावर थाना पुलिस सहित विभिन्न जांच एजेंसियों ने सघन तलाशी अभियान चलाया। जांच में ट्रेन में कोई संदिग्ध वस्तु नहीं मिली और बम की सूचना झूठी निकली। पुलिस ने सूचना देने वाले नाथद्वारा निवासी यात्री नंदलाल को डिटेन कर पूछताछ शुरू कर दी है। जीआरपी थाना एसएचओ इंदुबाला शर्मा के अनुसार रात करीब 10:15 बजे सूचना मिली कि ट्रेन के जनरल कोच में बम रखा हुआ है। ट्रेन का अजमेर पहुंचने का निर्धारित समय रात 10:45 बजे था, लेकिन यह चार मिनट पहले 10:41 बजे प्लेटफॉर्म नंबर-2 पर पहुंच गई। सूचना के बाद पुलिस प्रशासन ने प्लेटफॉर्म खाली करवाए और यात्रियों को ट्रेन से उतारकर जांच शुरू की। एसपी हर्षवर्धन अग्रवाला के निर्देश पर सीओ नॉर्थ शिवम जोशी, सीओ साउथ मनीष बड़गुर्जर और क्लॉक टावर थाना एसएचओ भीखाराम काला पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। इसके अलावा एटीएस, सीआईडी जोन अजमेर, बम निरोधक दस्ता और डॉग स्क्वायड को भी बुलाया गया। करीब एक घंटे तक ट्रेन के सभी कोचों की बारीकी से जांच की गई। कोई संदिग्ध वस्तु नहीं मिलने पर यात्रियों को वापस बैठाया गया और ट्रेन रात 11:40 बजे रवाना हुई। पुलिस के अनुसार नाथद्वारा निवासी नंदलाल गांधी नगर स्टेशन से ट्रेन के जनरल कोच में सवार हुआ था। कुछ देर बाद उसने उसी कोच में बम होने की सूचना दी। जांच के दौरान जीआरपी ने उसे पकड़ लिया। प्रारंभिक पूछताछ में आरोपी ने बताया कि गांधी नगर में ट्रेन में बैठते समय उसने कुछ लोगों को बात करते सुना था, जिसके आधार पर उसने सूचना दी। पुलिस के अनुसार आरोपी शराब के नशे में था |जीआरपी ने बताया कि आरोपी पूर्व में भी जयपुर आयुक्तालय को बम से उड़ाने की धमकी दे चुका है और उसके खिलाफ पहले भी मुकदमा दर्ज है। पुलिस आरोपी से पूछताछ कर उसकी पुरानी गतिविधियों और सूचना देने के पीछे के कारणों की जांच कर रही है।
#ajmernews
#jaivardhannews
Nathdwara, Rajsamand | Nov 4, 2026