यातायात नियमों की अनदेखी करने वालों पर कासगंज पुलिस का शिकंजा, 228 वाहनों के चालान
रोडवेज बस स्टैंड और बिलराम गेट चौराहे पर चला सघन चेकिंग अभियान, 3 मोडिफाइड साइलेंसर वाली बुलेट सीज; 3.91 लाख रुपये का ऑनलाइन जुर्माना लगाया
कासगंज। यातायात माह नवंबर के तहत कासगंज पुलिस ने शुक्रवार को रोडवेज बस स्टैंड एवं बिलराम गेट चौराहे पर सघन चेकिंग अभियान चलाकर यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहन चालकों के विरुद्ध कार्रवाई की। अभियान के दौरान कुल 228 वाहनों के चालान किए गए, जिन पर 3 लाख 91 हजार रुपये का ऑनलाइन शमन शुल्क अधिरोपित किया गया। वहीं, मोडिफाइड साइलेंसर लगे तीन बुलेट मोटरसाइकिलों को सीज किया गया।
पुलिस अधीक्षक कासगंज ओपी सिंह के निर्देशन, अपर पुलिस अधीक्षक आलोक सिंह के पर्यवेक्षण तथा क्षेत्राधिकारीगण के नेतृत्व में चलाए गए अभियान में यातायात नियमों की अनदेखी करने वाले वाहन चालकों पर कार्रवाई की गई। चेकिंग के दौरान नशे की हालत में वाहन चलाने, मोडिफाइड साइलेंसर, प्रेशर हॉर्न, हूटर, बिना हाई सिक्योरिटी रजिस्ट्रेशन प्लेट (एचएसआरपी), त्रुटिपूर्ण नंबर प्लेट, अवयस्कों द्वारा वाहन चलाने, बिना फिटनेस, गलत दिशा में वाहन चलाने, क्षमता से अधिक सवारी बैठाने, मालवाहक वाहनों में सवारी ढोने, बिना हेलमेट, बिना सीट बेल्ट, दोपहिया वाहनों पर तीन सवारी तथा वाहन चलाते समय मोबाइल फोन का प्रयोग करने जैसे उल्लंघनों पर मोटर वाहन अधिनियम की संबंधित धाराओं में कार्रवाई की गई।
अभियान के दौरान पांच वाहनों में प्रेशर हॉर्न, तीन दोपहिया वाहनों में मोडिफाइड साइलेंसर तथा तीन वाहनों में प्रदूषण संबंधी अनियमितताएं पाई गईं। इसके अलावा अवयस्कों द्वारा वाहन चलाने के दो मामले सामने आए। बिना एचएसआरपी एवं दोषपूर्ण नंबर प्लेट, हूटर और अन्य यातायात नियमों के उल्लंघन पर भी कार्रवाई की गई।
चालकों को किया जागरूक, बसों की सुरक्षा व्यवस्था जांची
अभियान के दौरान एआरटीओ राम प्रकाश मिश्रा के साथ संयुक्त रूप से रोडवेज बस स्टैंड पर बस चालकों एवं परिचालकों को यातायात नियमों और सड़क सुरक्षा के प्रति जागरूक किया गया। रोडवेज बसों में आपातकालीन द्वार (इमरजेंसी गेट) एवं अग्निशमन सिलेंडरों की जांच की गई। साथ ही आगामी कोहरे के मौसम को देखते हुए वाहन चालकों को फॉग लाइट का अनिवार्य रूप से प्रयोग करने तथा सुरक्षित गति से वाहन चलाने के निर्देश दिए गए।
पुलिस ने वाहन चालकों से यातायात नियमों का पालन करने, वाहन के आवश्यक दस्तावेज पूर्ण रखने और सड़क पर स्वयं के साथ दूसरों की सुरक्षा का ध्यान रखने की अपील की।
Kasganj, Kasganj | Nov 20, 2026