धनतेरस पर कुबेरधाम में उमड़ा श्रद्धा का सैलाब, 1200 साल पुराने मंदिर में दर्शन के लिए लगी कतारें
मंदसौर। धनतेरस के पावन अवसर पर खिलचीपुरा स्थित प्रसिद्ध कुबेरधाम में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ी। सुबह से ही भगवान कुबेर के दर्शन के लिए लंबी कतारें लगी रहीं। करीब 1200 साल पुराने श्री धौलागढ़ महादेव मंदिर में भगवान शिव, माता पार्वती, गणेशजी और कुबेर एक साथ विराजमान हैं। धनतेरस पर भगवान शिव और कुबेर का महाभिषेक, विशेष पूजन, श्रृंगार और महाआरती की गई। श्रद्धालुओं की भीड़ को देखते हुए कलेक्टर दिव्यांक सिंह ने मंदिर पहुंचकर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। नगर पालिका अध्यक्ष रमा देवी गुर्जर ने भी दर्शन कर क्षेत्र की सुख-समृद्धि की कामना की। मंदिर में देर रात तक श्रद्धालुओं के पहुंचने का सिलसिला जारी रहने की संभावना रही।