जिला अस्पताल को मिली डिजिटल मैमोग्राफी मशीन और कार्डियक एम्बुलेंस, महिलाओं को मिलेगी कैंसर जांच की सुविधा
मंदसौर। दीपावली के अवसर पर मंदसौर जिला अस्पताल को स्वास्थ्य सुविधाओं की बड़ी सौगात मिली है। गनेड़ीवाल चैरिटेबल ट्रस्ट और रोटरी क्लब की ओर से अस्पताल को डिजिटल मैमोग्राफी मशीन और अत्याधुनिक कार्डियक एम्बुलेंस प्रदान की गई। शनिवार को आयोजित कार्यक्रम में कलेक्टर दिव्यांक सिंह, सांसद सुधीर गुप्ता, राज्यसभा सांसद बंशीलाल गुर्जर, विधायक विपिन जैन और प्रदीप गनेड़ीवाल की मौजूदगी में दोनों सुविधाएं अस्पताल प्रबंधन को सौंपी गईं। मैमोग्राफी मशीन से महिलाओं में स्तन कैंसर की शुरुआती पहचान हो सकेगी, वहीं वेंटिलेटर सहित आवश्यक चिकित्सा उपकरणों से लैस एम्बुलेंस गंभीर मरीजों को दूसरे शहरों तक सुरक्षित पहुंचाने में मददगार होगी। इस पहल से जिले के मरीजों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं मिल सकेंगी।