दीपावली का सामान लेकर घर लौट रही थीं महिलाएं, नशेड़ी बाइक सवार ने मारी टक्कर; दो गंभीर घायल
मंदसौर। रेवास देवड़ा रोड पर ओबीसी छात्रावास के सामने सड़क हादसे में दो महिलाएं गंभीर रूप से घायल हो गईं। जानकारी के अनुसार शारदा बाई और संजना मंदसौर में काम करने के बाद दीपावली की खरीदारी कर अपने घर लौट रही थीं। इसी दौरान कथित तौर पर नशे में धुत एक बाइक सवार गलत दिशा में आया और उनके वाहन को जोरदार टक्कर मार दी।
हादसे में दोनों महिलाएं बुरी तरह घायल हो गईं, जिन्हें जिला अस्पताल पहुंचाया गया। टक्कर इतनी तेज थी कि महिलाओं का वाहन क्षतिग्रस्त हो गया। सड़क पर चप्पलें, वाहन के टूटे हिस्से और किराना सामान बिखर गया, जिसे लोगों ने समेटकर किनारे रखा।
दोनों महिलाएं परिवार के साथ दीपावली मनाने की खुशियां लेकर घर लौट रही थीं, लेकिन किसी की लापरवाही ने उनकी खुशियों को हादसे में बदल दिया। आखिर शराब पीकर वाहन चलाने वालों पर सख्ती कब होगी?