दिनांक-27-08-2026
जिला-जमुई
===================
समृद्ध महिला, समृद्ध बिहार अभियान का शुभारंभ
===================================================================
-मुख्यमंत्री महिला रोजगार योजना अंतर्गत पांच लाख लाभुक महिलाओं के खाते में भेजी गई राशि|
-एनआईसी जमुई के सभा कक्ष में जिला पदाधिकारी जमुई की उपस्थिति में विडियो कांफ्रेंसिंग के माध्यम से जीविका दीदियाँ जुड़ी|
-जमुई जिले की 1335 जीविका दीदियों को मुख्यमंत्री महिला रोजगार योजना के तहत द्वितीय किस्त के रूप में 20 हजार की राशि उनके बैंक खाते में हस्तांतरित की गई|
==================================================================
27 अगस्त 2026 गुरुवार को पटना के बापू सभागार से माननीय मुख्यमंत्री श्री सम्राट चौधरी के कर-कमलों द्वारा समृद्ध महिला-समृद्ध बिहार अभियान का शुभारम्भ किया गया| इस अवसर पर मुख्यमंत्री महिला रोजगार योजना के तहत 5 लाख महिलाओं के खाते में राशि का अंतरण, जीविका निधि से 10 हजार महिला लाभुकों को ऋण वितरण, विकसित भारत-जी राम जी योजना अंतर्गत 112 ग्रामीण हाट के निर्माण का कार्यारम्भ तथा प्रजापिता ब्रह्माकुमारी ईश्वरीय विश्वविद्यालय एवं मद्य निषेध, उत्पाद एवं निबंधन विभाग के बीच समझौता ज्ञापन (MOU)पर हस्ताक्षर किया गया| कार्यक्रम में समृद्ध महिला, समृद्ध बिहार अभियान से संबंधित पुस्तिका का विमोचन भी माननीय मुख्यमंत्री के द्वारा किया गया।
समृद्ध महिला-समृद्ध बिहार अभियान कार्यक्रम का सीधा प्रसारण समाहरणालय परिसर स्थित एनआईसी कक्ष में जिला पदाधिकारी जमुई श्री नवीन की उपस्थिति में किया गया, जिसमें जिले की जीविका दीदियाँ शामिल हुईं| इस अवसर पर जीविका के जिला परियोजना प्रबंधक श्री संजय कुमार, प्रभारी जिला जनसंपर्क पदाधिकारी डॉ मेनका कुमारी, संचार प्रबंधक सुनीता कुमारी, प्रभारी बीपीएम जमुई सदर दिनेश कुमार दास समेत जीविका दीदियों नें कार्यक्रम को उत्साह पूर्वक देखा और सुना।
कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य महिलाओं को आर्थिक रूप से सशक्त एवं आत्मनिर्भर बनाना तथा मुख्यमंत्री महिला रोजगार योजना के माध्यम से उनके स्वरोजगार एवं आजीविका के अवसरों को मजबूत करना है।
एनआईसी कक्ष में जिला पदाधिकारी जमुई श्री नवीन कार्यक्रम में शामिल जीविका दीदियों से वार्तालाप कर आत्मनिर्भर बनने की दिशा में उनके द्वारा किए जा रहे प्रयासों की सराहना किये तथा उन्हें पूरे उत्साह एवं आत्मविश्वास के साथ आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किये| इस दौरान जीविका दीदियों ने भी अपने-अपने स्वरोजगार की जानकारी साझा की|
जीविका के जिला परियोजना प्रबंधक संजय कुमार ने बताया कि मुख्यमंत्री महिला रोजगार योजना के तहत जमुई जिले में 3 लाख से ज्यादा महिलाओं को प्रथम किस्त के रूप में 10 हजार की राशि रोजगार हेतु उनके खाते में में मुहैया करा दी गई है| इसके अलावे आज के कार्यक्रम में मुख्यमंत्री महिला रोजगार योजना के तहत जमुई जिले की 1335 जीविका दीदियों को द्वितीय किस्त के रूप में 20 हजार की राशि उनके बैंक खातों में सीधे हस्तांतरित की गई।| इस कार्यक्रम में आज वैसी महिलाएं भी शामिल हुईं, जो योजना से लाभान्वित होकर विभिन्न प्रकार की स्वरोजगार की गतिविधियाँ जैसे पशुपालन, सिलाई-कढ़ाई, किराना दुकान, ब्यूटी पार्लर, आदि का कार्य प्रारंभ कर चुकी हैं| इसी क्रम में आज लक्ष्मीपुर प्रखंड के दिघी पंचायत जीविका सुधा बिक्री केंद्र का भी शुभारम्भ किया गया|
Jamui, Bihar | Aug 27, 2026