भारी समर्थकों के काफिले के साथ झांसी पहुंचे डॉ. मानसिंह यादव, नामांकन में दिखा दम
इलाहाबाद-झांसी स्नातक एमएलसी चुनाव में सपा प्रत्याशी का जोरदार रोड शो, शिक्षा, रोजगार और पेपर लीक के मुद्दों पर भाजपा सरकार को घेरा
झांसी। इलाहाबाद-झांसी स्नातक निर्वाचन क्षेत्र के एमएलसी चुनाव में समाजवादी पार्टी के प्रत्याशी एवं मौजूदा एमएलसी डॉ. मानसिंह यादव ने कल शनिवार दिनाँक 3 अक्टूबर को झांसी कमिश्नरी पहुंचकर नामांकन दाखिल किया। नामांकन से पहले सैकड़ों वाहनों के काफिले और ढोल-नगाड़ों के साथ निकले करीब तीन किलोमीटर लंबे रोड शो में बड़ी संख्या में समर्थक शामिल हुए। भारी भीड़ और समर्थकों के उत्साह को सपा प्रत्याशी के पक्ष में मजबूत जनसमर्थन के रूप में देखा गया।
बीकेडी चौराहे पर पुलिस-प्रशासन ने काफिले के वाहनों के लिए पार्किंग की व्यवस्था की थी। इसके बाद निर्वाचन अधिकारी की अनुमति से प्रत्याशी और उनके प्रस्तावकों की तीन गाड़ियों को कमिश्नरी कार्यालय तक जाने की अनुमति मिली। कड़ी सुरक्षा के बीच डॉ. मानसिंह यादव ने अपने 20 प्रस्तावकों के साथ नामांकन पत्र दाखिल किया।
नामांकन के दौरान समाजवादी शिक्षक सभा के प्रदेश अध्यक्ष एसपी सिंह, पूर्व विधायक सत्यवीर मुन्ना, झांसी जिलाध्यक्ष बृजेन्द्र सिंह भोजला, जिलाध्यक्ष जालौन दीपराज गुर्जर समेत जनपद जालौन और जनपद झांसी एवं अन्य क्षेत्र के कई प्रमुख नेता और समर्थक मौजूद रहे।
शिक्षा और रोजगार बने प्रमुख मुद्दे: नामांकन के बाद मीडिया से बातचीत में डॉ. मानसिंह यादव ने भाजपा सरकार पर शिक्षा, रोजगार और प्रतियोगी परीक्षाओं के मुद्दे पर जमकर हमला बोला। उन्होंने कहा कि 69 हजार शिक्षक भर्ती से जुड़े अभ्यर्थी संघर्ष कर रहे हैं और शिक्षा मित्रों की समस्याओं का भी समाधान जरूरी है। सपा सरकार बनने पर शिक्षा मित्रों को समान कार्य के लिए समान वेतन देने का दावा किया।
उन्होंने कहा कि अखिलेश यादव सरकार के समय वित्तविहीन शिक्षकों के लिए 200 करोड़ रुपये की व्यवस्था की गई थी, जिसे भाजपा सरकार ने समाप्त कर दिया। सत्ता में आने पर वित्तविहीन शिक्षकों की सेवा पुस्तिका बनाने और सम्मानजनक मानदेय देने की बात कही। साथ ही पुरानी पेंशन बहाल करने को सपा के प्रमुख मुद्दों में शामिल बताया।
पेपर लीक पर भाजपा को घेरा: सपा प्रत्याशी ने पेपर लीक के मुद्दे पर भी सरकार को घेरा। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार में पेपर लीक के मामले लगातार सामने आए हैं, जिससे युवाओं और जेन-जी में निराशा है। उन्होंने रोजगार के अवसर बढ़ाने और परीक्षा कैलेंडर जारी करने का वादा करते हुए कहा कि सपा सरकार बनने पर परीक्षाओं में पारदर्शिता सुनिश्चित की जाएगी। उन्होंने कहा कि चुनाव में पार्टी शिक्षा, रोजगार और युवाओं से जुड़े इन्हीं मुद्दों को लेकर जनता के बीच जाएगी।
शिक्षा सेवा आयोग पर भी साधा निशाना: राज्य शिक्षा सेवा आयोग को लेकर डॉ. मानसिंह यादव ने सरकार पर तीखा हमला किया। उन्होंने पूर्व चेयरमैन के इस्तीफे और असिस्टेंट प्रोफेसर भर्ती परीक्षा पेपर लीक के बाद रद्द होने का जिक्र करते हुए सरकार की भर्ती प्रक्रिया पर सवाल उठाए।
उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि राज्य शिक्षा सेवा आयोग की पूर्व चेयरमैन "बैठे-बैठे थक गईं" और इस्तीफा देकर चली गईं। उन्होंने दावा किया कि जिन संस्थाओं के माध्यम से भर्ती का दावा किया गया था, वहां अपेक्षित परिणाम दिखाई नहीं दे रहे हैं।
अधिवक्ता प्रोटेक्शन लॉ का भी मुद्दा: डॉ. मानसिंह यादव ने कहा कि सपा सरकार बनने पर ग्राम रोजगार सेवक, अनुदेशक और अधिवक्ताओं से जुड़े मुद्दों पर भी काम किया जाएगा। उन्होंने कहा कि अधिवक्ताओं के लिए एडवोकेट प्रोटेक्शन लॉ लाने की बात अखिलेश यादव पहले ही कह चुके हैं।
उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार मुद्दों से ध्यान भटकाने की कोशिश करती है, लेकिन सपा इन्हीं मुद्दों को लेकर चुनाव लड़ेगी। उन्होंने अपने मौजूदा कार्यकाल का जिक्र करते हुए कहा कि एमएलसी निधि से जरूरतमंदों की मदद करने में उन्होंने कोई कमी नहीं छोड़ी।
नामांकन के दौरान उमड़ी भीड़, लंबा रोड शो और समर्थकों का उत्साह यह संकेत देता नजर आया कि डॉ. मानसिंह यादव के समर्थन में चुनावी माहौल तेजी से सक्रिय हो रहा है। अब इलाहाबाद-झांसी स्नातक सीट पर चुनावी मुकाबला और रोचक होने की उम्मीद है।
Orai, Jalaun | Oct 4, 2026