कमिश्नर शहडोल संभाग श्रीमती सुरभि गुप्ता एवं कलेक्टर श्री रत्नाकर झा ने मुख्यमंत्री जन विश्वास अभियान के तहत आज जनपद पंचायत पुष्पराजगढ़ अंतर्गत शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय सरई का निरीक्षण किया तथा विद्यालय की व्यवस्थाओं का अवलोकन किया।
निरीक्षण के दौरान कमिश्नर एवं कलेक्टर ने कक्षा 10वीं एवं 12वीं में पहुंचकर विद्यार्थियों की पढ़ाई एवं पाठ्यक्रम की प्रगति की जानकारी ली। उन्होंने विद्यार्थियों से संवाद कर उनकी शैक्षणिक गतिविधियों के संबंध में जानकारी प्राप्त की। कमिश्नर ने शिक्षकों को निर्देशित किया कि विद्यार्थियों को जिम्मेदारी एवं समर्पण के साथ अध्यापन कराया जाए तथा निर्धारित समय-सीमा में पाठ्यक्रम पूर्ण करना सुनिश्चित करें। उन्होंने कहा कि विद्यार्थियों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा प्रदान करने के साथ उन्हें नियमित रूप से अध्ययन के लिए प्रेरित किया जाए, ताकि वे बेहतर शैक्षणिक परिणाम प्राप्त कर सकें।
इस दौरान कमिश्नर ने विद्यार्थियों से संवाद करते हुए कहा कि शिक्षा उज्ज्वल भविष्य की सीढ़ी है। सभी विद्यार्थी नियमित रूप से अध्ययन करें और गुणवत्तापूर्ण शिक्षा प्राप्त कर अपने लक्ष्य की ओर आगे बढ़ें। उन्होंने विद्यार्थियों को अनुशासन, मेहनत एवं निरंतर अध्ययन के लिए प्रेरित किया। कमिश्नर एवं कलेक्टर ने विद्यालय परिसर का भ्रमण कर विद्यार्थी को मिलने वाली व्यवस्था एवं सुविधाओं की भी जानकारी विद्यालय के प्राचार्य से प्राप्त की।
इस दौरान मुख्य कार्यपालिका अधिकारी जिला पंचायत श्रीमती अर्चना कुमारी सहित अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित थे।
#anuppur
@jansamparkmp
18 views | Anuppur, Madhya Pradesh | Oct 9, 2026