मुख्यमंत्री जन विश्वास अभियान के अंतर्गत जनपद पंचायत जैतहरी की ग्राम पंचायत गौरेला में जनसमस्या निराकरण शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में विधानसभा क्षेत्र पुष्पराजगढ़ के विधायक श्री फुंदेलाल सिंह मार्को की गरिमामयी उपस्थिति रही। इस दौरान उन्होंने आमजन को संबोधित करते हुए अभियान के उद्देश्यों, जनकल्याणकारी योजनाओं तथा शिक्षा के महत्व पर अपने विचार व्यक्त किए।
विधायक श्री फुंदेलाल सिंह मार्को ने कहा कि मुख्यमंत्री जन विश्वास अभियान के तहत आयोजित शिविर ग्रामीण क्षेत्रों के नागरिकों तक विभिन्न योजनाओं एवं शासकीय सेवाओं को पहुंचाने का महत्वपूर्ण माध्यम हैं। ऐसे शिविरों से आमजन को एक ही स्थान पर विभिन्न विभागों की योजनाओं की जानकारी प्राप्त होती है तथा अपनी समस्याओं और आवश्यकताओं को संबंधित विभागों के समक्ष रखने का अवसर मिलता है। उन्होंने ग्रामीणों से शिविरों में सहभागिता कर योजनाओं का लाभ लेने की अपील की।
उन्होंने अपने संबोधन में शिक्षा के महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि शिक्षा बच्चों के उज्ज्वल भविष्य और समाज की प्रगति का आधार है। अभिभावक बच्चों को नियमित रूप से विद्यालय भेजें तथा उनकी पढ़ाई पर विशेष ध्यान दें। बच्चों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा उपलब्ध कराने में परिवार और समाज की महत्वपूर्ण भूमिका है। शिक्षित समाज ही विकास की दिशा में आगे बढ़ सकता है।
शिविर में विभिन्न शासकीय विभागों द्वारा स्टॉल लगाए गए, जहां संबंधित विभागों के अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने ग्रामीणों को विभागीय योजनाओं, हितग्राहीमूलक सेवाओं, पात्रता, आवश्यक दस्तावेजों एवं आवेदन प्रक्रिया के संबंध में विस्तारपूर्वक जानकारी दी। विभागीय अधिकारियों ने आमजन को योजनाओं का लाभ प्राप्त करने के लिए आवश्यक मार्गदर्शन भी प्रदान किया।
#anuppur