बांसवाड़ा–मोहनखाल सड़क हादसे पर विधायक आशा नौटियाल ने जताया शोक, घटनास्थल पहुंचकर लिया राहत कार्यों का जायजा,,
अस्पताल पहुंचकर घायलों का जाना हाल, बेहतर उपचार के लिए संबंधित अधिकारियों को दिए आवश्यक निर्देश,,
रुद्रप्रयाग। बांसवाड़ा–मोहनखाल मोटर मार्ग पर सोमवार देर रात हुए दर्दनाक सड़क हादसे में लोगों की मृत्यु पर केदारनाथ विधायक आशा नौटियाल ने गहरा शोक व्यक्त किया है। हादसे की सूचना मिलते ही विधायक घटनास्थल पर पहुंचीं और राहत एवं बचाव कार्यों का जायजा लिया। इसके बाद उन्होंने अस्पताल पहुंचकर दुर्घटना में घायल लोगों का कुशलक्षेम जाना तथा उनके उपचार की जानकारी ली।
जानकारी के अनुसार, पोखरी क्षेत्र से रांसी की ओर जा रहा एक वाहन सोमवार देर रात बांसवाड़ा–मोहनखाल मोटर मार्ग पर दुर्घटनाग्रस्त हो गया था। हादसे में कई लोगों की असामयिक मृत्यु हो गई, जबकि कुछ लोग घायल हुए हैं। घटना की जानकारी मिलते ही विधायक आशा नौटियाल मौके पर पहुंचीं और संबंधित अधिकारियों से राहत एवं बचाव कार्यों की जानकारी प्राप्त की।
इसके बाद विधायक अस्पताल पहुंचीं, जहां उन्होंने घायलों से मुलाकात कर उनका हालचाल जाना और चिकित्सकों से उपचार की स्थिति के संबंध में जानकारी ली।
विधायक आशा नौटियाल ने दुर्घटना में दिवंगत हुए लोगों के प्रति गहरी संवेदना व्यक्त करते हुए कहा कि यह हादसा अत्यंत हृदयविदारक है। उन्होंने ईश्वर से दिवंगत आत्माओं को अपने श्रीचरणों में स्थान देने तथा शोक संतप्त परिजनों को इस असहनीय दुःख को सहन करने की शक्ति प्रदान करने की प्रार्थना की।
उन्होंने घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना करते हुए कहा कि इस कठिन समय में उनकी संवेदनाएं और सहयोग प्रभावित परिवारों के साथ हैं।