➡️ जिले को औद्योगिक हब बनाने पर मंथन
➡️ औद्योगिक विकास को गति देने जिले में भूमि चयन पर हुई महत्वपूर्ण बैठक
जिले में औद्योगिक विकास को गति देने एवं नवीन उद्योगों की स्थापना के लिए उपयुक्त भूमि उपलब्ध कराने के उद्देश्य से गुरुवार को कलेक्ट्रेट सभा कक्ष में बैठक आयोजित की गई। बैठक में प्रदेश अध्यक्ष एवं बैतूल विधायक श्री हेमंत खंडेलवाल, भैंसदेही विधायक श्री महेंद्र सिंह चौहान, आमला विधायक डॉ योगेश पंडाग्रे, जिला पंचायत अध्यक्ष श्री राजा पवार एवं उपाध्यक्ष श्री हंसराज धुर्वे, कलेक्टर डॉ सौरभ संजय सोनवणे, वनमंडलाधिकारी (दक्षिण), एसडीएम बैतूल तथा महाप्रबंधक, जिला व्यापार एवं उद्योग केंद्र बैतूल सहित संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।
बैठक में जिले में औद्योगिक गतिविधियों के विस्तार तथा नवीन औद्योगिक क्षेत्रों के विकास के लिए विभिन्न स्थानों पर चिन्हित शासकीय भूमि के संबंध में विस्तार से जानकारी प्रस्तुत की गई। महाप्रबंधक, जिला व्यापार एवं उद्योग केंद्र द्वारा तहसील बैतूल, मुलताई एवं घोड़ाडोंगरी क्षेत्र में उद्योगों की स्थापना के लिए चिन्हित भूमि की स्थिति, उपलब्धता एवं औद्योगिक उपयोग की संभावनाओं से जनप्रतिनिधियों एवं अधिकारियों को अवगत कराया गया।
इस अवसर पर विधायक श्री खंडेलवाल ने जिले में औद्योगिकीकरण को बढ़ावा देने पर विशेष जोर देते हुए कहा कि बैतूल जिले में रोजगार के नए अवसर सृजित करने तथा स्थानीय स्तर पर युवाओं को रोजगार उपलब्ध कराने के लिए नवीन उद्योगों की स्थापना आवश्यक है। उन्होंने चिन्हित भूमि के संबंध में आवश्यक कार्यवाही शीघ्र पूर्ण करने तथा विभागीय समन्वय के साथ औद्योगिक विकास को गति देने के निर्देश दिए। बैठक में वनमंडलाधिकारी (दक्षिण) एवं कलेक्टर डॉ सोनवणे द्वारा भी औद्योगिक विकास को बढ़ावा देने के उद्देश्य से आवश्यक सहयोग एवं सकारात्मक कार्यवाही किए जाने के संबंध में सहमति व्यक्त की गई। अधिकारियों ने औद्योगिक विकास के लिए उपलब्ध संभावनाओं का परीक्षण कर नियमानुसार आवश्यक कार्यवाही किए जाने की बात कही। बैठक में इस बात पर विशेष जोर दिया गया कि जिले में उद्योगों की स्थापना के लिए भूमि की उपलब्धता, अधोसंरचना, सड़क एवं अन्य आवश्यक सुविधाओं को ध्यान में रखते हुए समन्वित रूप से कार्य किया जाए, ताकि बैतूल जिले में औद्योगिक निवेश को प्रोत्साहन मिल सके और स्थानीय स्तर पर रोजगार के अधिक से अधिक अवसर उपलब्ध हो सकें।
CM Madhya Pradesh
Jansampark Madhya Pradesh
Industry Policy & Investment Promotion Department
#JansamparkMP
#बैतूल
#betul
7 views | Betul, Madhya Pradesh | Aug 27, 2026