स्वच्छ शहरों की ओर बड़ा कदम: लखीसराय, बड़हिया और सूर्यगढ़ा में बनेगा आधुनिक कचरा प्रबंधन केंद्र
लखीसराय: जिला पदाधिकारी शैलेंद्र कुमार की अध्यक्षता में समाहरणालय स्थित प्रकोष्ठ में स्वच्छ भारत मिशन 2.0 के तहत ठोस अपशिष्ट प्रबंधन (Solid Waste Management) को लेकर महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक में नगर परिषद लखीसराय, बड़हिया एवं सूर्यगढ़ा क्षेत्रों में मटेरियल रिकवरी फैसिलिटी (MRF), कम्पोस्ट प्लांट और सैनिटरी लैंडफिल (SLF) के निर्माण हेतु उपयुक्त भूमि के चयन एवं उपलब्धता पर विस्तृत चर्चा हुई।
जिला पदाधिकारी ने कहा कि स्वच्छ भारत मिशन 2.0 के प्रभावी क्रियान्वयन के लिए वैज्ञानिक एवं स्थायी कचरा प्रबंधन व्यवस्था विकसित करना आवश्यक है। इसके माध्यम से कचरे का बेहतर निष्पादन, पुनर्चक्रण (रीसाइक्लिंग) तथा पर्यावरण संरक्षण सुनिश्चित किया जा सकेगा।
बैठक में संबंधित अंचल अधिकारियों को निर्देश दिया गया कि वे नगर निकायों के साथ समन्वय स्थापित कर निर्धारित मानकों के अनुरूप भूमि का चयन एवं सत्यापन जल्द पूरा करें। भूमि चयन के लिए कम से कम 16 फीट चौड़ी सड़क से पहुंच, जल स्रोतों एवं आवासीय क्षेत्रों से 200 मीटर की दूरी, जल-जमाव एवं बाढ़ मुक्त क्षेत्र, नगर सीमा से 5-6 किलोमीटर के भीतर, विवाद रहित एवं स्पष्ट स्वामित्व वाली भूमि को प्राथमिकता देने का निर्देश दिया गया।
अधिकारियों को बताया गया कि तीनों नगर निकायों में MRF एवं कम्पोस्ट प्लांट के लिए 1.55 एकड़ तथा SLF के लिए 5 एकड़ भूमि की आवश्यकता होगी। जिला पदाधिकारी ने भूमि चयन की प्रक्रिया में तेजी लाने और निर्धारित समय सीमा के भीतर सभी औपचारिकताएं पूरी करने का निर्देश दिया, ताकि परियोजनाओं का कार्यान्वयन शीघ्र शुरू किया जा सके।
बैठक के अंत में उन्होंने सभी विभागों को आपसी समन्वय के साथ कार्य करते हुए स्वच्छ भारत मिशन 2.0 के लक्ष्यों को समयबद्ध ढंग से पूरा करने और जिले में स्वच्छ एवं स्वस्थ वातावरण के निर्माण में सक्रिय योगदान देने का निर्देश दिया।