राजमाता साहिबा विजयराज कुमारी मेवाड़ को श्रद्धांजलि अर्पित करने उमड़ा जनसमूह
राजमहल में आयोजित शोकसभा में विभिन्न क्षेत्रों के गणमान्यजनों एवं आमजन ने दी श्रद्धांजलि
उदयपुर.राजमाता साहिबा विजयराज कुमारी जी मेवाड़ के देवलोक गमन (स्वर्गवासी) होने पर बुधवार को उदयपुर के राजमहल में शोकसभा आयोजित की गई। दोपहर 2 बजे से 3 बजे तक आयोजित इस श्रद्धांजलि सभा में बड़ी संख्या में आमजन सहित विभिन्न क्षेत्रों के गणमान्यजन एवं विशिष्ट व्यक्तियों ने उपस्थित होकर राजमाता साहिबा को भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की।
इस अवसर पर उपस्थित जनों ने राजमाता साहिबा के चित्र पर पुष्पमाला अर्पित कर उन्हें श्रद्धासुमन समर्पित किए और श्रीजी हुजूर डॉ. लक्ष्यराज सिंह मेवाड़ से भेंट कर राजमाता साहिबा के निधन पर गहरी शोक संवेदनाएं व्यक्त कीं तथा मेवाड़ राजपरिवार के प्रति संवेदना प्रकट की। श्रद्धांजलि अर्पित करने पहुंचे लोगों ने राजमाता साहिबा के स्नेह, सरलता, गरिमामय व्यक्तित्व एवं समाज के प्रति उनके आत्मीय जुड़ाव को स्मरण करते हुए उनके निधन को अपूरणीय क्षति बताया। शोकसभा में राष्ट्रीय स्वयं सेवक संघ के क्षेत्रीय प्रचारक निंबारामजी, पंजाब के माननीय राज्यपाल व चंडीगढ़ का प्रशासक गुलाब चंद कटारिया, उड़ीसा के उप मुख्यमंत्री कनकवर्धन सिंह देव पटना बालंगीर, पटना बालंगीर से भाजपा सांसद संगीता कुमारी सिंह देव, चित्तौड़गढ़ विधायक चंद्रभान सिंह आक्या, जैसलमेर विधायक छोटू सिंह भाटी, मध्य प्रदेश में भाजपा प्रवक्ता राजपाल सिंह सिसोदिया, आरके मार्बल और वंडर ग्रुप के विमल पाटनी और विवेक पाटनी, बोहरा समुदाय के कई गणमान्य जन, कई विशेष एवं आमजन उपस्थित हो दिवंगत आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना की तथा शोकाकुल परिवार को इस दुःख की घड़ी में धैर्य एवं संबल प्रदान करने की कामना की। राजमहल में वातावरण अत्यंत भावुक एवं शोकपूर्ण रहा। डॉ. लक्ष्यराज सिंह मेवाड़ के सुपुत्र हरिराज सिंह मेवाड़ ने भी गणमान्य नागरिकों का अभिवादन स्वीकार कर आभार व्यक्त किया। उपस्थित जनों ने मौन एवं श्रद्धाभाव के साथ राजमाता साहिबा विजय राज कुमारी जी को अपनी अंतिम श्रद्धांजलि अर्पित की। #udaipur #mewar #trendingudaipur #citypalace