अचानक थाने पहुंचे डीआईजी, महुली में पुलिसिंग का लिया जायजा
लंबित विवेचनाओं और जनशिकायतों के त्वरित निस्तारण के निर्देश, अपराधियों पर शिकंजा कसने को कहा
संतकबीरनगर। पुलिस उप-महानिरीक्षक बस्ती परिक्षेत्र श्री संजीव त्यागी ने मंगलवार को पुलिस अधीक्षक संतकबीरनगर श्री संदीप कुमार मीना की मौजूदगी में थाना महुली का आकस्मिक निरीक्षण किया। डीआईजी के अचानक थाने पहुंचने से पुलिसकर्मियों में हलचल रही। उन्होंने थाना परिसर, कार्यालय, मालखाना, बैरक, शस्त्रागार समेत विभिन्न व्यवस्थाओं का बारीकी से जायजा लिया।निरीक्षण के दौरान थाना कार्यालय में अभिलेखों के रख-रखाव, लंबित प्रार्थना पत्रों, अभियोगों और विवेचनाओं की स्थिति की समीक्षा की गई। डीआईजी ने लंबित विवेचनाओं का समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण कराने के साथ ही जनशिकायतों को प्राथमिकता पर लेकर निष्पक्ष और त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
उन्होंने अपराध एवं अपराधियों पर प्रभावी नियंत्रण के लिए वांछित एवं वारंटियों की गिरफ्तारी, नियमित रात्रि गश्त तथा संदिग्ध व्यक्तियों और वाहनों की लगातार चेकिंग करने को कहा। संवेदनशील स्थानों और प्रमुख बाजारों में पुलिस की सक्रिय मौजूदगी बनाए रखने पर भी जोर दिया गया।
त्योहारों को लेकर पुलिस को अलर्ट
आगामी पर्वों, धार्मिक आयोजनों और सार्वजनिक कार्यक्रमों के मद्देनजर सुरक्षा व्यवस्था की भी समीक्षा की गई। डीआईजी ने पर्याप्त पुलिस बल की तैनाती, नियमित क्षेत्र भ्रमण, संदिग्धों की निगरानी और सोशल मीडिया पर सतर्क नजर रखने के निर्देश दिए।
साफ-सफाई की व्यवस्था पर जताई संतुष्टि
थाना परिसर में साफ-सफाई एवं स्वच्छता की बेहतर व्यवस्था मिलने पर डीआईजी ने पुलिसकर्मियों की सराहना की और परिसर को इसी तरह स्वच्छ एवं व्यवस्थित बनाए रखने के निर्देश दिए। उन्होंने पुलिसकर्मियों को आमजन के साथ शालीन एवं सम्मानजनक व्यवहार करने तथा पीड़ितों और फरियादियों की समस्याओं को गंभीरता से सुनकर नियमानुसार त्वरित कार्रवाई करने की हिदायत दी।इस दौरान क्षेत्राधिकारी धनघटा श्री अभय नाथ मिश्र, थाना प्रभारी महुली श्री दुर्गेश पाण्डेय सहित थाना महुली का समस्त पुलिस बल मौजूद रहा। Pro Cell Santkabirnagar @highlight Journalist Ganesh Chaurasia
Khalilabad, Sant Kabir Nagar | Sep 16, 2026