छठ महापर्व को लेकर डीएम-एसपी ने की ब्रीफिंग, घाटों पर सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम के निर्देश
कैमूर।छठ महापर्व के अवसर पर विधि-व्यवस्था एवं सुरक्षा व्यवस्था को लेकर शुक्रवार को लिच्छवी भवन में जिला पदाधिकारी एवं पुलिस अधीक्षक की संयुक्त अध्यक्षता में ब्रीफिंग बैठक आयोजित की गई। बैठक में प्रतिनियुक्त दंडाधिकारियों, पदाधिकारियों एवं पुलिस पदाधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए गए।
बैठक में जिला पदाधिकारी ने सभी छठ घाटों पर स्वच्छता, पर्याप्त प्रकाश व्यवस्था, पेयजल एवं अन्य मूलभूत सुविधाओं की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। प्रत्येक घाट पर पर्याप्त संख्या में प्रशिक्षित गोताखोरों की तैनाती करने तथा उनकी नामवार सूची संबंधित पदाधिकारियों के पास उपलब्ध रखने को कहा गया।
विद्युत सुरक्षा को लेकर निर्देश दिया गया कि घाटों एवं आवागमन मार्गों पर कहीं भी नंगे व लटकते बिजली के तार नहीं रहने चाहिए। गहरे पानी, नदी एवं तालाब के संवेदनशील स्थलों पर विशेष निगरानी, बैरिकेडिंग एवं सुरक्षा उपाय लागू करने को कहा गया।
प्रातःकालीन एवं संध्याकालीन अर्घ्य के समय भीड़ को देखते हुए माइकिंग, ध्वनि विस्तारक यंत्रों से सूचना प्रसारण तथा भीड़ नियंत्रण की प्रभावी व्यवस्था के निर्देश दिए गए। यातायात व्यवस्था सुचारु रखने, नियंत्रण कक्ष को सक्रिय रखने तथा सभी पदाधिकारियों के बीच बेहतर समन्वय बनाए रखने पर भी बल दिया गया।
पुलिस अधीक्षक ने सभी पुलिस पदाधिकारियों एवं कर्मियों को पूरी मुस्तैदी के साथ विधि-व्यवस्था बनाए रखने, संवेदनशील स्थलों पर विशेष निगरानी रखने तथा किसी भी आपात स्थिति में त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित करने का निर्देश दिया।
अंत में डीएम एवं एसपी ने कहा कि छठ महापर्व के दौरान श्रद्धालुओं की सुरक्षा सर्वोपरि है, इसमें किसी भी प्रकार की लापरवाही स्वीकार्य नहीं होगी।
Mohania, Kaimur | Nov 14, 2026