गैरसैंण में 27 अक्टूबर से शुरू होगा उत्तराखंड विधानसभा का सत्र!! राज्यपाल ने जारी किया आह्वान, भराड़ीसैंण विधानसभा भवन में सुबह 11 बजे से होगी कार्यवाही!!
उत्तराखंड की पांचवीं विधानसभा का वर्ष 2026 का तृतीय सत्र मंगलवार, 27 अक्टूबर से गैरसैंण के भराड़ीसैंण स्थित विधानसभा भवन में शुरू होगा। राज्यपाल ने विधानसभा सत्र आहूत करने की औपचारिक अधिसूचना जारी कर दी है। सत्र की कार्यवाही सुबह 11 बजे से शुरू होगी।
विधानसभा सचिवालय के संसदीय अनुभाग की ओर से 13 अक्टूबर 2026 को जारी प्रेस नोट के अनुसार, राज्यपाल ने उत्तराखंड विधानसभा के वर्ष 2026 के तृतीय सत्र के लिए मंगलवार, 27 अक्टूबर 2026 को सुबह 11 बजे विधानसभा भवन भराड़ीसैंण, गैरसैंण, जनपद चमोली में बैठक आहूत की है।
गैरसैंण में विधानसभा सत्र आयोजित होने के साथ ही प्रदेश की राजनीति और विधायी गतिविधियों का केंद्र एक बार फिर भराड़ीसैंण बनेगा। सत्र के दौरान सदन में प्रदेश से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर चर्चा और विधायी कार्यवाही होने की संभावना है। हालांकि, सत्र की अवधि, कार्यसूची और अन्य विधायी एजेंडे के संबंध में विस्तृत जानकारी अलग से सामने आने की प्रतीक्षा है।
विधानसभा सचिवालय की ओर से जारी प्रेस नोट पर उप सचिव (लेखा) हेम चन्द्र पन्त ने सचिव, विधानसभा उत्तराखंड की ओर से हस्ताक्षर किए हैं।