बड़ी खबर: आखिर क्यों ग्रामीण और शहरी इलाकों में आबादी के बीच पहुंच रहे जंगली जानवर?
पहाड़ में गुलदार और भालू की बढ़ती सक्रियता से दहशत में ग्रामीण, सौर ऊर्जा आधारित तारबाड़ को प्रभावी समाधान बनाने पर जोर,,
युवा पर्यावरण विशेषज्ञ देव राघवेंद्र बद्री से खास बातचीत, महिलाओं की सुरक्षा के लिए खेतों और जंगलों में समूह में जाने की जरूरत,,
रुद्रप्रयाग। उत्तराखंड के पहाड़ी क्षेत्रों में गुलदार और भालू की बढ़ती सक्रियता ने ग्रामीणों की चिंता बढ़ा दी है। ग्रामीण इलाकों के साथ ही अब शहरी बस्तियों के आसपास भी जंगली जानवरों की आवाजाही लोगों के लिए चिंता का विषय बनी हुई है। खेतों में काम करने, मवेशियों के लिए चारा जुटाने और जंगल से गुजरने के दौरान ग्रामीणों, विशेषकर महिलाओं की सुरक्षा को लेकर सवाल उठ रहे हैं। ऐसे में आखिर जंगली जानवर आबादी वाले क्षेत्रों की ओर क्यों रुख कर रहे हैं और इस समस्या का स्थायी समाधान क्या हो सकता है? इन महत्वपूर्ण सवालों पर युवा पर्यावरण विशेषज्ञ देव राघवेंद्र बद्री से खास बातचीत की गई।
बातचीत में जंगली जानवरों की बढ़ती सक्रियता के कारणों, मानव-वन्यजीव संघर्ष की रोकथाम और ग्रामीण क्षेत्रों में सुरक्षा के प्रभावी उपायों पर चर्चा की गई। इस समस्या के समाधान के लिए उचित स्थानों पर वैज्ञानिक तरीके से सौर ऊर्जा आधारित तारबाड़ (सोलर फेंसिंग) स्थापित करने पर जोर दिया गया। हालांकि, इसकी सफलता के लिए क्षेत्र की भौगोलिक परिस्थितियों के अनुरूप योजना, नियमित रखरखाव और वन विभाग की निगरानी जरूरी है।
विशेषज्ञों के अनुसार, मानव-वन्यजीव संघर्ष को कम करने के लिए केवल तात्कालिक उपाय पर्याप्त नहीं हैं। इसके लिए वन्यजीवों के प्राकृतिक आवास का संरक्षण, भोजन-पानी की उपलब्धता, जंगलों के आसपास कूड़े और खाद्य अपशिष्ट का उचित निस्तारण तथा संवेदनशील क्षेत्रों की पहचान जैसे पहलुओं पर भी ध्यान देना आवश्यक है। ग्रामीण महिलाओं की सुरक्षा भी इस चर्चा का अहम विषय है।
खेतों और जंगलों में चारा-पत्ती लेने जाने वाली महिलाओं को जोखिम वाले क्षेत्रों में यथासंभव समूह में जाने, वन विभाग के दिशा-निर्देशों का पालन करने और वन्यजीव दिखाई देने पर उससे दूरी बनाए रखने की सलाह दी जाती है। साथ ही, संवेदनशील क्षेत्रों में चेतावनी व्यवस्था और त्वरित सूचना तंत्र मजबूत करने की आवश्यकता है।
पहाड़ में बढ़ते मानव-वन्यजीव संघर्ष के बीच अब सवाल यही है कि ग्रामीणों की सुरक्षा सुनिश्चित करने और जंगली जानवरों को उनके प्राकृतिक आवास में बनाए रखने के लिए प्रभावी कदम कब और कितनी गंभीरता से उठाए जाएंगे।