केदारनाथ यात्रा मार्ग पर शराब तस्करी, दो गिरफ्तार,, गौरीकुंड पुलिस ने दो अलग-अलग मामलों में पकड़ीं शराब की 32 बोतलें,, आबकारी अधिनियम के तहत कार्रवाई,,
रुद्रप्रयाग जनपद में अवैध शराब की बिक्री और तस्करी पर अंकुश लगाने के लिए रुद्रप्रयाग पुलिस का अभियान लगातार जारी है। इसी क्रम में कोतवाली सोनप्रयाग के अंतर्गत पुलिस चौकी गौरीकुंड की टीम ने दो अलग-अलग मामलों में कार्रवाई करते हुए केदारनाथ यात्रा मार्ग पर कथित रूप से अवैध शराब बेचने के आरोप में दो अभियुक्तों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने दोनों के कब्जे से कुल 32 बोतल शराब बरामद की हैं।
पुलिस के अनुसार, पुलिस अधीक्षक रुद्रप्रयाग के निर्देशन एवं पर्यवेक्षण में अवैध शराब की बिक्री और तस्करी के विरुद्ध अभियान चलाया जा रहा है। इसी अभियान के तहत गौरीकुंड पुलिस ने कार्रवाई करते हुए पहले मामले में कमल देव थापा पुत्र मन बहादुर थापा, नेपाली मूल, को गिरफ्तार किया। उसके कब्जे से मैकडॉवेल्स ब्रांड की शराब की 14 बोतलें बरामद की गईं।
वहीं, दूसरे मामले में पुलिस ने चमोली निवासी लक्ष्मण सिंह पुत्र केदार सिंह को गिरफ्तार किया। उसके कब्जे से रॉयल स्टैग ब्रांड की शराब की 18 बोतलें बरामद हुईं। दोनों मामलों में पुलिस ने संबंधित अभियुक्तों के विरुद्ध आबकारी अधिनियम के तहत अभियोग पंजीकृत कर आवश्यक वैधानिक कार्रवाई की है।
पुलिस का कहना है कि जनपद में अवैध शराब की बिक्री, परिवहन और तस्करी पर प्रभावी रोक लगाने के लिए अभियान आगे भी जारी रहेगा। विशेष रूप से केदारनाथ यात्रा मार्ग पर इस तरह की गतिविधियों पर निगरानी रखते हुए नियमों का उल्लंघन करने वालों के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।