जिला जेल का कलेक्टर ने किया औचक निरीक्षण: भोजन व्यवस्था में मिली अनियमितता, कलेक्टर बोले- बंदियों के अधिकारों से नहीं होगा समझौता, समय पर विधिक परामर्श और स्वास्थ्य परीक्षण के दिए निर्देश
दमोह। जिला जेल में लगातार मिल रही शिकायतों के बाद आज गुरुवार सुबह 11 बजे कलेक्टर प्रताप नारायण यादव ने जिला जेल का औचक निरीक्षण किया। उन्होंने बैरकों, रसोई, भोजन व्यवस्था एवं अन्य व्यवस्थाओं का जायजा लेकर शासन द्वारा निर्धारित मानकों के अनुरूप सुविधाएं उपलब्ध कराए जाने की जानकारी ली। निरीक्षण के दौरान बंदियों से संवाद कर स्वास्थ्य, भोजन, विधिक सहायता और अन्य सुविधाओं के संबंध में जानकारी भी ली।
कलेक्टर ने कहा कि बंदियों को संविधान प्रदत्त अधिकार, स्वास्थ्य सुविधाएं और न्यायालयीन प्रक्रिया के लिए विधिक सहायता मिलना प्रशासन की जिम्मेदारी है। निरीक्षण में निर्धारित अरहर दाल के स्थान पर चने की दाल परोसे जाने तथा भोजन की मात्रा कम मिलने की बात सामने आने पर निर्धारित मानकों के अनुरूप भोजन उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।
Damoh, Damoh | Aug 6, 2026