15 फीट गहरे ककरहा नाले में गिरी तेज रफ्तार कार, चालक सुरक्षित
सिंग्रामपुर–पोड़ी लिंक रोड पर हादसा, देर शाम तक रेस्क्यू जारी
दमोह। जबेरा थाना क्षेत्र के सिंग्रामपुर–पोड़ी लिंक रोड स्थित ककरहा नाले में मंगलवार शाम तेज रफ्तार अल्टो कार अनियंत्रित होकर करीब 15 फीट गहरे पानी से भरे नाले में जा गिरी। हादसे में चालक को मामूली चोटें आईं और वह प्राथमिक उपचार के बाद दूसरे वाहन से जबलपुर रवाना हो गया। घटना की सूचना मिलते ही सिंग्रामपुर चौकी पुलिस मौके पर पहुंची और ग्रामीणों की मदद से कार निकालने का प्रयास शुरू किया, लेकिन नाले में अधिक पानी और गहराई के कारण देर शाम तक सफलता नहीं मिल सकी।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार हादसे के बाद मौके पर बड़ी संख्या में ग्रामीण जुट गए। कार पूरी तरह पानी में समा गई थी, जिससे कुछ देर के लिए अफरा-तफरी का माहौल बन गया। चालक के सुरक्षित बाहर निकल आने पर लोगों ने राहत की सांस ली। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार कार ग्राम कोडे से सिंग्रामपुर की ओर जा रही थी, तभी चालक वाहन से नियंत्रण खो बैठा। दुर्घटना में कार क्षतिग्रस्त हो गई। सिंग्रामपुर चौकी के प्रधान आरक्षक रणधीर सिंह ने बताया कि चालक सुरक्षित है और दुर्घटनाग्रस्त कार जबलपुर जिले के मझौली क्षेत्र के एक व्यक्ति की है। पुलिस तेज रफ्तार को हादसे का संभावित कारण मानते हुए मामले की जांच कर रही है।
Damoh, Damoh | Aug 6, 2026