डीएम कार्यालय पहुंचे शिक्षामित्र, मुख्यमंत्री के नाम सौंपा ज्ञापन
संत कबीर नगर, 17 सितंबर। शिक्षामित्र शिक्षक पात्रता एसोसिएशन उत्तर प्रदेश के बैनर तले बुधवार को TET और CTET उत्तीर्ण शिक्षामित्रों ने जिलाधिकारी कार्यालय पहुंचकर मुख्यमंत्री के नाम ज्ञापन सौंपा। शिक्षामित्रों ने सहायक अध्यापक पद पर नियमित नियुक्ति किए जाने की मांग उठाई।
ज्ञापन में शिक्षामित्रों ने कहा कि RTE Act एवं NCTE मानकों के अनुसार TET/CTET सहायक अध्यापक पद के लिए आवश्यक न्यूनतम अर्हता है और जिले के कई शिक्षामित्र यह पात्रता पूरी कर चुके हैं। संगठन ने सर्वोच्च न्यायालय के आदेश का हवाला देते हुए TET/CTET उत्तीर्ण शिक्षामित्रों को सहायक अध्यापक पद पर नियुक्त किए जाने की मांग की।
शिक्षामित्रों ने उत्तराखंड मॉडल का भी उल्लेख किया। उनका कहना है कि उत्तराखंड में TET उत्तीर्ण शिक्षामित्रों को नियमित सहायक अध्यापक पद पर नियुक्ति दी जा चुकी है। इसी आधार पर उत्तर प्रदेश में भी पात्र शिक्षामित्रों को नियुक्ति दिए जाने की मांग की गई।
इसके अलावा गैर-TET शिक्षामित्रों को विभागीय TET परीक्षा में शामिल करने की मांग रखी गई, ताकि वे भी निर्धारित पात्रता पूरी कर सकें।
ज्ञापन सौंपने वालों में जिलाध्यक्ष रामप्रताप पाल, जिला महामंत्री अवधेश मिश्रा, प्रमोद कुमार, महेश कुमार समेत सैकड़ों शिक्षामित्र मौजूद रहे।