NH-27 पर गांजे की तस्करी का खुलासा, 1100 ग्राम अवैध गांजा और मोटरसाइकिल के साथ अफरोज गिरफ्तार
संतकबीरनगर। जिले में अवैध मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत कोतवाली खलीलाबाद पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। पुलिस टीम ने 1100 ग्राम अवैध गांजा और एक मोटरसाइकिल के साथ एक अभियुक्त को गिरफ्तार किया है।
पुलिस अधीक्षक संतकबीरनगर संदीप कुमार मीना के निर्देशन, अपर पुलिस अधीक्षक सुशील कुमार सिंह के मार्गदर्शन एवं क्षेत्राधिकारी खलीलाबाद प्रियम राजशेखर पाण्डेय के निकट पर्यवेक्षण में प्रभारी निरीक्षक कोतवाली खलीलाबाद जय प्रकाश दुबे के नेतृत्व में पुलिस टीम ने यह कार्रवाई की।
पुलिस के अनुसार, 17 सितंबर 2026 को अवैध मादक पदार्थों के विरुद्ध अभियान के दौरान NH-27 स्थित काला गेट के पास से अफरोज पुत्र मो0 मुतीन, निवासी कोड़री, थाना कोतवाली खलीलाबाद, संतकबीरनगर को गिरफ्तार किया गया। तलाशी के दौरान उसके कब्जे से 1100 ग्राम अवैध गांजा और एक मोटरसाइकिल बरामद हुई।
गिरफ्तारी एवं बरामदगी के आधार पर कोतवाली खलीलाबाद में मुकदमा अपराध संख्या 870/2026, धारा 8/20 एनडीपीएस एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज कर आवश्यक विधिक कार्रवाई की जा रही है।
गिरफ्तारी करने वाली पुलिस टीम में उपनिरीक्षक विनोद कुमार यादव, कांस्टेबल जितेन्द्र यादव, कांस्टेबल अरमान खान एवं कांस्टेबल संतोष यादव शामिल रहे।