नशामुक्त बिहार के संकल्प के साथ गम्हरिया में जीविका दीदियों ने निकाली जागरूकता रैली
500 से 600 दीदियों ने शपथ, रंगोली एवं नुक्कड़ नाटक के माध्यम से दिया नशामुक्त समाज का संदेश
गम्हरिया (मधेपुरा), 02 नवंबर 2026। नशामुक्त बिहार के निर्माण के उद्देश्य से आज गम्हरिया प्रखंड में जीविका के तत्वावधान में मिथिला जीविका, नव दुर्गा एवं राजलक्ष्मी महिला संकुल स्तरीय संघों द्वारा जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। इसके तहत जीविका दीदियों ने नशामुक्ति की शपथ ली तथा रंगोली निर्माण एवं जागरूकता रैली के माध्यम से आमजनों को नशे से दूर रहने का संदेश दिया। कार्यक्रम में लगभग 500 से 600 जीविका दीदियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।
इस अवसर पर उत्पाद विभाग द्वारा नुक्कड़ नाटक का मंचन कर नशे के शारीरिक, मानसिक एवं सामाजिक दुष्परिणामों को प्रदर्शित किया गया। वहीं, प्रजापिता ब्रह्माकुमारी संस्था की टीम ने भी नशे की बुराइयों के प्रति जागरूक करते हुए समाज को हर प्रकार के नशे से मुक्त करने की अपील की।
कार्यक्रम में सामाजिक विकास प्रबंधक श्री अमितेश कुमार, प्रखंड परियोजना प्रबंधक श्री दिगंबर प्रसाद, श्री बैजू कुमार, श्रीमती लवली कुमारी, श्रीमती अर्चना कुमारी एवं ब्रह्माकुमारी संस्था की टीम सहित अन्य कर्मियों की सहभागिता रही।
इस अवसर पर जिला परियोजना प्रबंधक, जीविका, श्री नील कमल चौधरी ने बताया कि नशामुक्ति जागरूकता अभियान जिले के सभी 13 प्रखंडों के 40 संकुल स्तरीय संघों में आयोजित किया जाएगा। इसके माध्यम से आमजनों को नशे के दुष्परिणामों के प्रति जागरूक कर नशामुक्त समाज के निर्माण के लिए प्रेरित किया जाएगा।
संदेश :
हर घर से नशा दूर भगाओ, हर घर में खुशहाली लाओ!
नशामुक्त परिवार – स्वस्थ समाज – समृद्ध बिहार!
Information & Public Relations Department, Government of Bihar