मधेपुरा। गोपाष्टमी महोत्सव के आयोजन को लेकर सोमवार को समाहरणालय परिसर स्थित न्यू सभागार भवन में जिलाधिकारी अभिषेक रंजन की अध्यक्षता में बैठक आयोजित की गई। बैठक में महोत्सव के आयोजन, सांस्कृतिक कार्यक्रमों की रूपरेखा और स्थानीय कलाकारों की सहभागिता को लेकर विस्तार से चर्चा की गई। सर्वसम्मति से निर्णय लिया गया कि इस वर्ष गोपाष्टमी महोत्सव का आयोजन 18 से 24 नवंबर तक किया जाएगा। निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार, 18 से 20 नवंबर तक वृन्दावन से आए कलाकारों द्वारा भगवान श्रीकृष्ण की लीलाओं पर आधारित कृष्ण लीला का मंचन किया जाएगा। वहीं, 22 से 24 नवंबर तक गौशाला परिसर में स्थानीय एवं आमंत्रित कलाकारों की सांस्कृतिक प्रस्तुतियां आयोजित होंगी। इसके माध्यम से क्षेत्रीय कला, संस्कृति और लोक परंपराओं को बढ़ावा देने के साथ स्थानीय कलाकारों को अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने का अवसर मिलेगा। यह आयोजन कला एवं संस्कृति विभाग, पटना तथा जिला प्रशासन मधेपुरा के संयुक्त तत्वावधान में किया जाएगा। बैठक में जिला कला एवं संस्कृति पदाधिकारी आम्रपाली कुमारी ने बताया कि महोत्सव में स्थानीय कलाकारों की अधिकाधिक भागीदारी सुनिश्चित करने के लिए कलाकारों से आवेदन आमंत्रित किए जाएंगे। कार्यक्रम में प्रस्तुति देने के इच्छुक कलाकारों को निर्धारित प्रक्रिया के तहत आवेदन करना होगा। आवेदन प्राप्त होने के बाद नवोदित कलाकारों के चयन के लिए ऑडिशन आयोजित किया जाएगा। ऑडिशन के माध्यम से प्रतिभाशाली कलाकारों का चयन कर उन्हें महोत्सव में प्रस्तुति का अवसर दिया जाएगा। उन्होंने बताया कि कलाकारों के चयन के लिए अपर समाहर्ता अरुण कुमार की अध्यक्षता में चयन समिति गठित की जाएगी। उन्होंने कहा कि गोपाष्टमी महोत्सव धार्मिक आस्था के साथ-साथ जिले की कला, संस्कृति और सांस्कृतिक विरासत को प्रोत्साहित करने का महत्वपूर्ण मंच है। इसके माध्यम से स्थानीय एवं नवोदित कलाकारों को अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने का बेहतर अवसर मिलेगा। बैठक में महोत्सव को सुव्यवस्थित, आकर्षक और सफल बनाने के लिए विभिन्न बिंदुओं पर विचार-विमर्श किया गया। साथ ही आयोजन की तैयारियां समय पर पूरी करने और कार्यक्रम में आम लोगों की अधिकाधिक भागीदारी सुनिश्चित करने पर जोर दिया गया।बैठक में अपर समाहर्ता अरुण कुमार, जिला भू-अर्जन पदाधिकारी अमन कुमार सुमन, जिला आपूर्ति पदाधिकारी शंकर शरण, डीसीएलआर अनंत कुमार, डीपीआरओ अनंत कुमार, डीपीआरओ (पंचायती राज) निकिता, डॉ. भूपेंद्र मधेपुरी, डॉ अरुण कुमार, प्रो. रीता यादव, डॉ. शांति यादव, शशि प्रभा जायसवाल, सुनीत साना, अमित कुमार अंशु, अविनाश कुमार, डॉ. आरके पप्पू, रेखा यादव, पृथ्वीराज यदुवंशी, स्काउट एवं गाइड आयुक्त जयकृष्ण यादव, कुमारी पुष्पलता सहित समिति के अन्य सदस्य उपस्थित थे।
Information & Public Relations Department, Government of Bihar