बेतिया शहर के कालीबाग मंदिर परिसर स्थित पोखरे में आज एक अज्ञात युवक का शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। सुबह स्थानीय लोगों ने पोखरे के पानी में शव तैरता देखा और इसकी सूचना तुरंत पुलिस को दी। सूचना मिलते ही कालीबाग थाना पुलिस घटनास्थल पर पहुंची। पुलिस ने स्थानीय लोगों की मदद से शव को पानी से बाहर निकलवाकर उसकी पहचान कराने की प्रक्रिया शुरू की। घटनास्थल की जांच के दौरान मंदिर के मुख्य गेट के पास एक साइकिल खड़ी मिली, जिस पर एक बैग बंधा हुआ था। बैग की तलाशी लेने पर उसमें कपड़े और एक मोबाइल चार्जर बरामद हुआ। हालांकि, इन सामानों के आधार पर भी मृत युवक की पहचान नहीं हो सकी। फिलहाल यह स्पष्ट नहीं है कि युवक किस क्षेत्र का रहने वाला था और उसकी मौत किन परिस्थितियों में हुई। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। युवक की पहचान सुनिश्चित करने के लिए उसके फोटो और उपलब्ध जानकारी सोशल मीडिया के माध्यम से साझा की जा रही है। पुलिस ने आम लोगों से अपील की है कि यदि कोई व्यक्ति मृतक की पहचान कर सके तो तत्काल कालीबाग थाना से संपर्क करें। फिलहाल पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर मामले की जांच कर रही है।
#districtpolicewestchamparan #champaran24news #viralreelschallenge #districtadministrationwestchamparan #viralvideochallenge #BreakingNews #BettiahNews