#गोंडा में दर्दनाक हादसा: सरिया से भरा ट्रक पलटा, दो सगे भाइयों समेत 3 मजदूरों की मौत, 4 मजदूरों ने कूदकर बचाई जान
गोंडा जिले में गुरुवार सुबह एक भीषण सड़क हादसे में तीन मजदूरों की दर्दनाक मौत हो गई, जबकि चार अन्य मजदूर ट्रक से कूदकर अपनी जान बचाने में सफल रहे। हादसे के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई और मौके पर लोगों की भारी भीड़ जुट गई।
यह हादसा देहात कोतवाली क्षेत्र के गोंडा-बेलसर मार्ग पर माधवपुर गांव के पास सुबह करीब 9:30 बजे हुआ। जानकारी के अनुसार, लोहे की सरिया से लदा ट्रक वीरसिंहपुर में टेढ़ी नदी पर बन रहे पुल के निर्माण कार्य के लिए सरिया लेकर जा रहा था। ट्रक में कई मजदूर भी सवार थे।
बताया जा रहा है कि बारिश के कारण सड़क फिसलन भरी थी। इसी दौरान ट्रक चालक अचानक वाहन से नियंत्रण खो बैठा। ट्रक सड़क की पटरी पर उतर गया और असंतुलित होकर खेत में पलट गया। हादसा इतना भीषण था कि ट्रक में बैठे तीन मजदूर उसकी चपेट में आ गए, जबकि चार अन्य मजदूर समय रहते ट्रक से कूद गए और उनकी जान बच गई।
हादसे की सूचना मिलते ही स्थानीय ग्रामीण और देहात कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची। घायलों को तत्काल एंबुलेंस से गोंडा मेडिकल कॉलेज भेजा गया, जहां डॉक्टरों ने रविंद्र पासवान (31), राजेंद्र पासवान (42) और रामगुलाम पासवान (30) को मृत घोषित कर दिया।
मृतकों में रविंद्र पासवान और राजेंद्र पासवान सगे भाई थे। तीनों मजदूर तरबगंज थाना क्षेत्र के चांदपुर गांव के निवासी बताए जा रहे हैं। घटना के बाद परिवारों में कोहराम मच गया है।
पुलिस ने शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और हादसे के कारणों की जांच शुरू कर दी है। प्रारंभिक जांच में बारिश और ट्रक का संतुलन बिगड़ना हादसे की मुख्य वजह माना जा रहा है।
#gonda