झारखंड शिक्षक प्रशिक्षण महाविद्यालय में उत्साहपूर्वक मनाया गया संविधान दिवस, मौलिक अधिकारों व कर्तव्यों पर हुई चर्चा
झुमरी तिलैया। झारखंड शिक्षक प्रशिक्षण महाविद्यालय, झुमरी तिलैया में गुरुवार को संविधान दिवस उत्साहपूर्वक मनाया गया। कार्यक्रम का आयोजन महाविद्यालय के सभागार में सचिव डॉ. जीएनएन मिश्रा के मार्गदर्शन एवं प्राचार्य डॉ. अजय कुमार यादव के निर्देशन में किया गया। इस अवसर पर मां सरस्वती की वंदना के साथ भारत रत्न डॉ. भीमराव रामजी आंबेडकर की प्रतिमा पर पुष्प अर्पित कर उन्हें श्रद्धांजलि दी गई।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए प्राचार्य डॉ. अजय कुमार यादव ने संविधान के प्रति नागरिकों के उत्तरदायित्व एवं कर्तव्यों पर विस्तार से चर्चा की। उन्होंने झारखंड निर्वाचन आयोग द्वारा संचालित निर्वाचन साक्षरता क्लब 2.0 के तहत अधिक से अधिक लोगों को मतदाता सूची से जोड़ने तथा मतदान के प्रति जागरूक करने की अपील की। उन्होंने प्रशिक्षुओं को संविधान प्रदत्त मौलिक अधिकारों एवं मौलिक कर्तव्यों की जानकारी दी।
इस दौरान प्रो. शशिभूषण मिश्रा ने संविधान द्वारा प्रदत्त अधिकारों, जबकि प्रो. अश्विनी मिश्रा ने लोक कल्याण एवं महिला अधिकारों पर अपने विचार रखे। प्रो. सुनील कुमार ने शिक्षा के मूल अधिकार एवं अवसरों की समानता पर प्रकाश डाला। कविता कुमारी ने सावित्रीबाई फुले का उल्लेख करते हुए महिला शिक्षा को आगे बढ़ाने के लिए प्रेरित किया।
वहीं, डीएलएड की प्रशिक्षु दीपिका रंजन ने समाजवाद एवं धर्मनिरपेक्षता पर विचार रखे। प्रशिक्षु फातिमा नूरी ने संविधान की उद्देशिका पर अपने विचार व्यक्त किए। शंकर प्रसाद ने संवैधानिक प्रावधानों पर चर्चा की, जबकि गणेश यादव ने समाजवादी लोकतंत्र पर अपने विचार रखे।
कार्यक्रम में महाविद्यालय के शिक्षक, शिक्षकेतर कर्मचारी एवं बीएड तथा डीएलएड के सभी प्रशिक्षु उपस्थित थे। मंच संचालन डॉ. सत्यप्रकाश तिवारी ने किया। कार्यक्रम का समापन संविधान की उद्देशिका के वाचन एवं राष्ट्रगान के साथ हुआ।