आजाद क्लब गुमो बना टुनटुन पाण्डेय स्मृति फुटबॉल कप का चैंपियन, पुरनाथाम को 2-0 से हराया
15 हजार से अधिक दर्शकों की मौजूदगी में दूधिया रोशनी के बीच खेला गया रोमांचक फाइनल, बेटे को याद कर भावुक हुईं मां मनोरमा देवी
झुमरीतिलैया। गुमो स्थित झुमरियाटांड़ मैदान बुधवार की शाम फुटबॉल के रोमांच, दर्शकों की तालियों और खिलाड़ियों के शानदार प्रदर्शन से गूंज उठा। मौका था टुनटुन पाण्डेय (इंद्रजीत) स्मृति फुटबॉल कप-2026 के फाइनल मुकाबले का। हजारों खेलप्रेमियों की मौजूदगी में खेले गये खिताबी मुकाबले में मेजबान आजाद क्लब गुमो ने शानदार प्रदर्शन करते हुए पुरनाथाम की टीम को 2-0 से पराजित कर चैंपियन बनने का गौरव हासिल किया। विजेता टीम की ओर से मोनू सिंह और नेहरू ने एक-एक गोल दागकर टीम की जीत सुनिश्चित की। विजेता टीम को 61 हजार रुपये नकद और आकर्षक ट्रॉफी, जबकि उपविजेता टीम को 41 हजार रुपये और ट्रॉफी देकर सम्मानित किया गया।
दूधिया रोशनी में खेले गये इस मुकाबले में दोनों टीमों के खिलाड़ियों ने बेहतरीन खेल का प्रदर्शन किया। हालांकि, घरेलू मैदान पर खेल रही आजाद क्लब की टीम ने शानदार तालमेल और आक्रामक रणनीति के दम पर पूरे मैच में अपना दबदबा बनाये रखा। मोनू सिंह और नेहरू के गोल ने दर्शकों में जबरदस्त उत्साह भर दिया। फाइनल में शानदार प्रदर्शन के लिए मोनू सिंह को मैन ऑफ द मैच चुना गया। वहीं अमर कुमार को टूर्नामेंट का सर्वश्रेष्ठ खिलाड़ी घोषित किया गया। उन्हें ट्रैकसूट, फुटबॉल बूट और 2100 रुपये नकद देकर सम्मानित किया गया। मैच के निर्णायक मृत्युंजय, संतोष और बालगोविंद को भी सम्मानित किया गया।
समापन समारोह में मुख्य अतिथि झामुमो नेत्री शालिनी गुप्ता और विशिष्ट अतिथि डोमचांच नगर पंचायत अध्यक्ष उमेश वर्मा उपस्थित थे। शालिनी गुप्ता ने कहा कि फुटबॉल शारीरिक और मानसिक विकास के साथ अनुशासन, टीम भावना और एकता का संदेश देता है। टुनटुन पाण्डेय जिले के उभरते हुए प्रतिभाशाली फुटबॉल खिलाड़ी थे। उनकी निर्मम हत्या ने सभी को झकझोर दिया था। उनकी स्मृति में आजाद क्लब द्वारा इतने भव्य आयोजन की पहल सराहनीय है। उन्होंने कहा कि करीब 15 से 16 हजार दर्शकों की उपस्थिति इस बात का प्रमाण है कि कोडरमा में खेल के प्रति लोगों का कितना उत्साह है।
बेटे को याद कर भावुक हुईं मां
समारोह का सबसे भावुक पल उस समय आया, जब टुनटुन पाण्डेय की मां मनोरमा देवी अपने बेटे को याद कर भावुक हो गयीं। उन्होंने कहा कि मैदान में खेल रहे सभी खिलाड़ियों में उन्हें अपना बेटा टुनटुन नजर आ रहा है। उसे फुटबॉल से बेहद लगाव था। वह हमेशा कहता था कि एक दिन बड़ा खिलाड़ी बनकर दिखायेगा, लेकिन कुछ लोगों ने उसका सपना पूरा होने से पहले ही उसकी हत्या कर दी। भावुक होकर उन्होंने कहा, "मेरे टुनटुन को तो बस यही खेल प्रिय था।" उन्होंने बेटे को न्याय मिलने और ऐसी घटना दोबारा किसी के साथ नहीं होने की प्रार्थना की। उनकी बातें सुनकर वहां मौजूद लोग भी भावुक हो गये।
उमेश वर्मा ने कहा कि यह टूर्नामेंट आने वाले दिनों में जिले के बड़े खेल आयोजनों में अपनी अलग पहचान बनायेगा। समिति अध्यक्ष विवेक पाण्डेय ने कहा कि टुनटुन उर्फ इंद्रजीत सभी का प्रिय और जिले का बेहतरीन खिलाड़ी था। उसकी स्मृति में शुरू किये गये इस आयोजन को आने वाले वर्षों में और भव्य बनाया जायेगा।
बड़ी स्क्रीन पर हुआ सीधा प्रसारण
टूर्नामेंट को भव्य रूप देने के लिए पूरे मैदान को दूधिया रोशनी से सजाया गया था। यूट्यूब चैनल के साथ मैदान में लगायी गयी बड़ी स्क्रीन पर भी मैच का सीधा प्रसारण किया गया। मंच संचालन जिला क्रिकेट एसोसिएशन के सचिव दिनेश सिंह ने किया। मौके पर समिति के कोषाध्यक्ष सत्यम पाण्डेय, सचिव बासुदेव साव, संरक्षक बिपिन पाण्डेय, धीरज पाण्डेय, विकास पाण्डेय, झामुमो केंद्रीय सदस्य संजय पाण्डेय, फुटबॉल संघ सचिव नवनीत ओझा, दीनानाथ पाण्डेय, धीरज कुमार, मनोज वर्मा, तौफीक हुसैन, संदीप सिन्हा सहित कई गणमान्य लोग और बड़ी संख्या में खेलप्रेमी उपस्थित थे।