विश्वास अभियान के तहत कोडरमा पुलिस ने बरामद किए 15 गुम मोबाइल, असली मालिकों को लौटाए
झुमरी तिलैया। कोडरमा पुलिस ने आम नागरिकों के खोए हुए मोबाइल फोन की बरामदगी के लिए चलाए जा रहे विशेष अभियान ‘विश्वास’ के तहत बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस ने तकनीकी अनुसंधान, मोबाइल ट्रैकिंग एवं डेटा विश्लेषण के माध्यम से कुल 15 मोबाइल फोन बरामद कर उनके वास्तविक मालिकों को सौंप दिए।
पुलिस अधीक्षक, कोडरमा के निर्देशानुसार जिले में चलाए जा रहे इस विशेष अभियान के तहत पुलिस की तकनीकी सेल ने आधुनिक तकनीक का इस्तेमाल करते हुए गुम हुए मोबाइल फोन का पता लगाया। बरामद किए गए सभी 15 मोबाइल फोन की अनुमानित कीमत करीब 3 लाख 75 हजार रुपये बताई गई है।
सभी मोबाइल फोन का विधिवत सत्यापन करने के बाद उनके वास्तविक मालिकों को वापस कर दिया गया। लंबे समय बाद अपना खोया हुआ मोबाइल वापस पाकर लोगों के चेहरे पर खुशी देखने को मिली। इस दौरान मोबाइल धारकों ने कोडरमा पुलिस के प्रति आभार व्यक्त किया।
इस अवसर पर कोडरमा पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की कि मोबाइल गुम होने पर तत्काल नजदीकी थाना में सूचना दें और CEIR पोर्टल पर शिकायत दर्ज कराएं, ताकि समय रहते आवश्यक कार्रवाई की जा सके।
कोडरमा पुलिस ने कहा कि आम लोगों की सुरक्षा और सेवा के प्रति पुलिस निरंतर प्रतिबद्ध है।