विजयपुर में नशामुक्ति कार्यक्रम आयोजित
-----
राष्ट्रपिता महात्मा गांधी की जयंती के अवसर पर मनाए जा रहे मद्य निषेध सप्ताह (02 से 08 अक्टूबर) के तहत नशामुक्ति पर आधारित जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किये जा रहे है।
इसी क्रम में कलेक्टर सुश्री शीला दाहिमा के मार्गदर्शन तथा सामाजिक न्याय एवं दिव्यांगजन सशक्तिकरण विभाग अंतर्गत अशासकीय संस्था अशोक शिक्षा प्रचार समिति (जय मारूति नशा मुक्ति केंद्र) के सहयोग से नशा मुक्त भारत अभियान और सेवा मेरा योगदान अंतर्गत शासकीय उत्कृष्ट उच्चतर माध्यमिक विद्यालय विजयपुर में नशे के दुष्परिणामों पर आधारित नाट्य प्रस्तुति दी गई।
आस्था कला नाट्य मंच ग्वालियर के निर्देशक श्री नेमीचंद के नेतृत्व में रंगकर्मी मंगल सिंह, प्रमोद शर्मा, वासु द्विवेदी और ज्योति शर्मा ने अपने सजीव अभिनय से दर्शाया कि कैसे मादक द्रव्य, तंबाकू, सिगरेट, गुटखा और शराब के सेवन की शुरुआत एक छोटे से शौक से होती है और धीरे-धीरे यह इंसान को कैंसर जैसी गंभीर बीमारियों, मानसिक अवसाद और असमय मौत के मुहाने पर खड़ा कर देती है। नाटक में यह भी बहुत ही प्रभावी ढंग से दिखाया गया कि एक व्यक्ति की लत के कारण पूरे परिवार को किस प्रकार आर्थिक तंगी और कलह का सामना करना पड़ता है।
नाट्य प्रस्तुतियों से प्रभावित होकर उपस्थित ग्रामीणों, महिलाओं, युवाओं और स्कूली बच्चों ने नशे के इन घातक दुष्परिणामों से दूर रहने का संकल्प लिया। कार्यक्रमों के अंत में सभी उपस्थित जनों को जीवन में कभी भी नशा न करने तथा अपने आसपास के लोगों को भी जागरूक करने की़ शपथ दिलाई गई।
इन जन-जागरूकता कार्यक्रमों में सामाजिक न्याय एवं दिव्यांगजन सशक्तिकरण विभाग से सामाजिक सुरक्षा अधिकारी श्री नरेन्द्र त्यागी, जय मारुति नशामुक्ति केंद्र के समन्वयक अनिल कुमार, सोशल वर्कर यासमीन, नशामुक्ति वर्कर जीतेन्द्र राठौर एवं इरफान खान सहित स्थानीय जनप्रतिनिधि, शिक्षक और बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे।
-
CM Madhya Pradesh
Jansampark Madhya Pradesh
#JansamparkMP
#sheopur
7 views | Sheopur, Madhya Pradesh | Oct 9, 2026