नशा मुक्ति और बाल विवाह के खिलाफ फारबिसगंज से जोगबनी तक निकली साइकिल रैली, बच्चों ने दिया जागरूकता का संदेश
एसडीओ अभय तिवारी और एसडीपीओ राजकिशोर कुमार ने किया नेतृत्व, बोले- नशे के खिलाफ समाज के हर व्यक्ति को लड़नी होगी लड़ाई
जोगबनी (अररिया)। नशा मुक्ति और बाल विवाह जैसी सामाजिक कुरीतियों के खिलाफ जागरूकता फैलाने के उद्देश्य से फारबिसगंज से जोगबनी तक भव्य साइकिल रैली निकाली गई। इसमें फारबिसगंज, बथनाहा और जोगबनी के विभिन्न विद्यालयों के छात्र-छात्राओं के साथ एसएसबी जवानों, प्रशासनिक अधिकारियों एवं गणमान्य लोगों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। फारबिसगंज एसडीओ अभय कुमार तिवारी और एसडीपीओ राजकिशोर कुमार के नेतृत्व में निकली रैली फारबिसगंज रेलवे स्टेशन यार्ड से शुरू होकर जोगबनी रेलवे स्टेशन परिसर पहुंची।
इस दौरान एसडीओ अभय तिवारी ने कहा कि पुलिस और प्रशासन नशे के खिलाफ लगातार कार्रवाई कर रहे हैं, लेकिन इस लड़ाई में समाज के हर व्यक्ति और हर बच्चे की भागीदारी जरूरी है। नशे की गिरफ्त में फंसा व्यक्ति सिर्फ अपना जीवन बर्बाद नहीं करता, बल्कि अपने बच्चों के भविष्य और उनके सपनों को भी नुकसान पहुंचाता है। कई पिता नशे की लत के कारण अपने बच्चों के सपनों को पूरा नहीं कर पाते हैं।
उन्होंने कहा कि जोगबनी अंतरराष्ट्रीय सीमा पर स्थित है। यदि जोगबनी को नशामुक्त बनाने में सफलता मिलती है तो पूरे अररिया जिले को नशामुक्त बनाने की दिशा में बड़ी उपलब्धि हासिल होगी। हमारा प्रयास है कि नशा न तो जिले के अंदर प्रवेश करे और न ही यहां से बाहर इसकी तस्करी हो। इसी उद्देश्य से फारबिसगंज से जोगबनी तक जागरूकता रैली निकाली गई।
रैली के दौरान स्कूली बच्चों ने नृत्य और सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के माध्यम से नशा छोड़ने तथा बाल विवाह के खिलाफ लोगों को जागरूक किया। कार्यक्रम में भारत-नेपाल मैत्री और आपसी समन्वय का संदेश भी दिया गया। इस मौके पर नेपाल प्रशासन के पदाधिकारी, खुर्शीद खान, जीतेन्द्र पुर्वे आर्य, संजय शर्मा, अनवर राज, राजू राय, प्रभात सिंह सहित अन्य लोग मौजूद रहे।
Araria, Araria | Nov 28, 2026