चेवाड़ा नगर पंचायत के वार्ड सदस्यों ने सांसद अरुण भारती को सौंपा आवेदन।
विकास के नाम पर धांधली और अवैध वसूली का लगाया आरोप, मुख्यमंत्री से मिलकर कार्रवाई का सांसद ने दिया आश्वासन।
चेवाड़ा नगर पंचायत के विकास कार्यों को लेकर वार्ड सदस्यों और जनप्रतिनिधियों ने मंगलवार को जमुई सांसद अरुण भारती से मुलाकात कर एक आवेदन सौंपा। वार्ड सदस्यों ने नगर पंचायत में विकास के नाम पर कथित धांधली, अवैध रूप से वसूली और सरकारी योजनाओं के धरातल पर सही तरीके से क्रियान्वयन नहीं होने का आरोप लगाया।
वार्ड सदस्यों का कहना है कि नगर पंचायत में विकास कार्यों को लेकर कागजों पर योजनाएं दिखाई जा रही हैं, लेकिन धरातल पर उसका लाभ लोगों को नहीं मिल रहा है। वार्ड सदस्यों का आरोप है कि नगर पंचायत कार्यालय में ही विकास कार्यों के नाम पर अनियमितता बरती जा रही है।चेवाड़ा नगर पंचायत के 9 वार्ड सदस्यों और प्रतिनिधियों ने अनिश्चितकालीन धरना-प्रदर्शन शुरू किया था। धरना समाप्त कराने के लिए सांसद अरुण भारती ने वीडियो कॉल के माध्यम से वार्ड सदस्यों से बातचीत की थी और उनकी समस्याओं के समाधान का आश्वासन दिया था।
इसके बाद वार्ड सदस्य जिला समाहरणालय पहुंचे और सांसद अरुण भारती को आवेदन सौंपकर नगर पंचायत की समस्याओं से अवगत कराया। वार्ड सदस्यों ने पूरे मामले की जांच कराकर दोषियों पर कार्रवाई करने तथा चेवाड़ा नगर पंचायत में विकास कार्यों को पारदर्शी तरीके से कराने की मांग की।
सांसद अरुण भारती ने सभी वार्ड सदस्यों और प्रतिनिधियों को आश्वासन दिया कि वे इस मामले को गंभीरता से मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी के समक्ष उठाएंगे। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री से मुलाकात कर चेवाड़ा नगर पंचायत में कथित अनियमितताओं की जांच और आवश्यक कार्रवाई की मांग की जाएगी।