Public App Logo
टाउन हॉल, शेखपुरा में सर्वोत्तम जीविका महिला विकास स्वावलंबी सहकारी समिति लिमिटेड द्वारा वार्षिक आम सभा का आयोजन। एक वर्ष में कंपनी ने अर्जित किया 14 लाख 66 हजार से अधिक का लाभ। जीविका है जिला प्रशासन का अभिन्न अंग : जिला पदाधिकारी शेखपुरा जिले के सदर प्रखण्ड अंतर्गत संचालित सर्वोत्तम जीविका महिला विकास स्वावलंबी सहकारी समिति लिमिटेड द्वारा मंगलवार, दिनांक: 18 अगस्त 2026 को शहर के टाउन हॉल में वार्षिक आमसभा का आयोजन किया गया। आम सभा में समिति की प्रतिनिधि जीविका दीदियों द्वारा वित्तीय वर्ष 2025-26 की उपलब्धियों की जानकारी दी गई तथा वर्तमान वर्ष की कार्ययोजना के विषय में बताया गया। कार्यक्रम का उद्घाटन जिलाधिकारी श्री शेखर आनंद एवं पुलिस अधीक्षक श्री हिमांशु कुमार द्वारा किया गया। इनके साथ-साथ डीपीएम जीविका, सर्वोत्तम जीविका संकुल संघ की अध्यक्ष एवं सचिव दीदी ने भी सम्मिलित रूप से दीप प्रज्वलित कर कार्यक्रम की शुरुआत की। वार्षिक आम सभा में सहकारी समिति की गतिविधियों और शुद्ध लाभ पर बात करते हुए जिला पदाधिकारी श्री शेखर आनंद ने कहा कि सरकार की विभिन्न योजनाओं को मिशन मोड में क्रियान्वित करने में जीविका दीदियों की सहभागिता सराहनीय है। जीविका, जिला प्रशासन के एक अभिन्न अंग के रूप में कार्य कर रही है और समाज में जागरूकता लाने के साथ-साथ अनेकों प्रशासनिक कार्यों में जीविका मदद कर रही है, जिसके लिए जीविका के डीपीएम को श्रेय दिया और पूरी जीविका की टीम की सराहना की। इस अवसर पर जीविका के जिला परियोजना प्रबंधक श्री संतोष कुमार सोनू ने संकुल संघ को पिछले वित्तीय वर्ष हुए 14 लाख 66 हजार 295 रुपये के शुद्ध लाभ के बारे में विस्तार पूर्वक बताया और सतत् जीविकोपार्जन योजना एवं मुख्यमंत्री महिला रोजगार योजना से जुड़ी महिलाओं, दीदी अधिकार केंद्र द्वारा किए जा रहे कार्यों और दीदी के रसोई में कार्य कर रही महिलाओं को हो रहे लाभ के बारे में बताया। सदर प्रखण्ड के जीविका बीपीएम सुधांशु द्वारा सामुदायिक संगठनों के माध्यम से विभिन्न जीविकोपार्जन गतिविधियों में लगी जीविका दीदियों की जानकारी दी गई। साथ ही साथ गत वर्ष सामुदायिक संगठनों को उपलब्ध कराये गए ऋण, सामुदायिक सेवा प्रदाताओं एवं अन्य कैडरों को दिए गए प्रशिक्षण इत्यादि की जानकारी इस आम सभा के माध्यम से दी गई। उन्होंने पिछले वित्तीय वर्ष में अर्जित किए गए 14 लाख 66 हजार 295 रुपये के लाभ के बारे में बताया और बैठक में भाग लेने आयी समिति की लगभग तीन सौ से अधिक सदस्य दीदियों को संकुल संघ द्वारा एक वर्ष में हुए लाभ-हानि इत्यादि की जानकारी दी। इस अवसर पर सरकारी योजनाओं से लाभान्वित दीदियों ने अपना अनुभव साझा किया और अपने आत्मनिर्भरता की कहानी उपस्थित लोगों से साझा की। उन दीदियों को संकुल संघ की अध्यक्ष एवं सचिव दीदी द्वारा सराहनीय कार्य के लिए सम्मानित भी किया गया। प्रखण्ड विकास पदाधिकारी, शेखपुरा सदर द्वारा जीविका दीदियों के कार्यों की सराहना की गई और उन्हें जीविकोपार्जन के क्षेत्र में और आगे बढ़ने हेतू प्रोत्साहित किया गया। डीआरसीसी के प्रबंधक द्वारा युवाओं के लिए चलाई जा रही योजनाओं के बारे में बताया गया। जीविका के प्रखण्ड परियोजना प्रबंधक, रोजगार प्रबंधक, संचार प्रबंधक, प्रशिक्षण अधिकारी, प्रखण्ड इकाई की पूरी टीम एवं संकुल संघ की अध्यक्ष, सचिव एवं कोषाध्यक्ष के साथ-साथ सैकड़ों जीविका दीदियां उपस्थित हो कर इस कार्यक्रम को संपन्न किया। - Sheikhpura News