दिशा समिति की बैठक में विकास योजनाओं की प्रगति की समीक्षा जहानाबाद : समाहरणालय सभागार में मंगलवार को जिला विकास समन्वय एवं निगरानी समिति (दिशा) की बैठक सांसद-सह-अध्यक्ष सुरेंद्र प्रसाद यादव की अध्यक्षता में हुई। बैठक में जिलाधिकारी छिरिंग वाई भूटिया, घोषी विधायक ऋतुराज कुमार, पुलिस अधीक्षक कोटा किरण कुमार सहित विभिन्न विभागों के पदाधिकारी उपस्थित रहे।
बैठक के दौरान जिले में संचालित विभिन्न विकास कार्यों एवं जनकल्याणकारी योजनाओं की विस्तृत समीक्षा की गई। सांसद ने योजनाओं की प्रगति की जानकारी लेते हुए उनके क्रियान्वयन में आ रही समस्याओं पर संबंधित पदाधिकारियों से चर्चा की। उन्होंने योजनाओं का लाभ पात्र लोगों तक समय पर पहुंचाने तथा विकास कार्यों को निर्धारित समयसीमा में पूरा कराने को लेकर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
बैठक में विभिन्न विभागों से संबंधित योजनाओं की स्थिति, प्रगति और कार्यान्वयन की समीक्षा करते हुए अधिकारियों को आपसी समन्वय के साथ कार्य करने पर जोर दिया गया। अधिकारियों को योजनाओं की नियमित निगरानी करने तथा गुणवत्तापूर्ण एवं प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया।
Jehanabad, Jehanabad | Sep 22, 2026