*नींदड़ मोड़ दुर्घटना के बाद जिला प्रशासन ने बनाई सुरक्षा उपायों की कार्ययोजना*
*चरणबद्ध रूप से सुधार कार्य होंगे सुनिश्चित*
*जयपुर :कमलेश आमेटा , 30 जून * नींदड़ मोड़ पर 16 जून 2026 को हुई भीषण दुर्घटना के कारणों की जांच एवं भविष्य में इस प्रकार की दुर्घटना घटित न हो, इस हेतु जिला कलक्टर संदेश नायक के निर्देशानुसार सात सदस्यीय जांच समिति का गठन किया गया। समिति ने 26 जून को मौका निरीक्षण कर मौके पर किये जाने वाले वांछित सुधारों के संबंध में जिला कलक्टर को अवगत कराया। अतिरिक्त जिला कलक्टर जयपुर शहर दक्षिण युगांतर शर्मा ने बताया कि समिति की रिपोर्ट के आधार पर नींदड़ मोड़ स्थित ट्रैफिक लाइट को जयपुर विकास प्राधिकरण को निर्देशित कर चालू करवाया गया है। साथ ही परियोजना कार्यान्वयन ईकाई जयपुर (भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण) को लघु अवधि के उपाय के तहत सड़क मरम्मत करते हुए नींदड़ की तरफ जाने वाले वाहन व जयपुर की तरफ जाने वाले वाहनों के मध्य पृथक्करण हेतु उचित व्यवस्था करने, वाहन गति पुनः निर्धारित करते हुए संकेतक लगाने, मोड़ से पहले वाहनों की गति कम करने के लिए उचित टीबीएम मार्किंग, सर्विस रोड से आने वाले वाहनों की एक ही स्थान पर मुख्य सड़क पर प्रवेश करने का विकल्प उपलब्ध कराने हेतु वांछित अवरोधक लगाने की व्यवस्था कर अनुपालना 3 जुलाई 2026 तक प्रस्तुत करने के निर्देश प्रदान किये। यातायात पुलिस को यातायात प्रबंधन हेतु परियोजना कार्यान्वयन ईकाई जयपुर (भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण) द्वारा मौके पर किये जाने वाले सुधारात्मक कार्यों के संबंध में 1 जुलाई 2026 से एशियन रोड सेफ्टी एकेडमी व अन्य एनजीओ की सहायता से जनता को जानकारी देने, ट्रैफिक नियमों की अनुपालना बाबत समझाइश करने एवं समझाइश के बाद नियमानुसार कार्यवाही करने हेतु निर्देशित किया। दीर्घावधिक उपाय के तहत इस हेतु परियोजना कार्यान्वयन ईकाई जयपुर (भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण) को सुविधा स्थानान्तरण (फेसिलिटी शिफ्टिंग) कार्य जेवीवीएनएल के पर्यवेक्षण में 5 जुलाई 2026 तक पूर्ण करते हुए, सर्विस रोड का निर्माण 20 जुलाई 2026 तक पूरा करने एवं सर्विस रोड व मुख्य सड़क के मध्य यात्री सुरक्षा रैलिंग लगाकर पृथक्करण करने की कार्यवाही किये जाने के निर्देश दिये।