सूर्यपुरा में सहयोग शिविर आयोजित, 85 आवेदन प्राप्त; डीटीओ बोले- दफ्तरों के चक्करों से मिलेगी मुक्ति
मुख्यमंत्री के निर्देश पर आम लोगों की समस्याओं के समाधान के लिए पंचायत स्तर पर आयोजित किए जा रहे सहयोग शिविरों की कड़ी में मंगलवार को सूर्यपुरा प्रखंड के शिवेबाहर पंचायत सरकार भवन में शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में राशन कार्ड, भूमि विवाद, आवास योजना, नल-जल, शौचालय, जन्म-मृत्यु प्रमाणपत्र, सड़क-नाली-गली योजना एवं सामाजिक सुरक्षा पेंशन सहित विभिन्न विभागों से जुड़े 85 आवेदन प्राप्त हुए, जिनके निष्पादन के लिए संबंधित विभागों को भेजा गया है। शिविर का उद्घाटन जिला परिवहन पदाधिकारी (डीटीओ) राकेश कुमार सिंह, एएसपी अतुलेश झा, अंचलाधिकारी, सीडीपीओ एवं जदयू नेता रवि पटेल ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्ज्वलित कर किया।
शिविर को संबोधित करते हुए डीटीओ राकेश कुमार सिंह ने कहा कि सरकार की मंशा है कि गरीब एवं जरूरतमंद लोगों को छोटे-छोटे कार्यों के लिए जिला और अनुमंडल कार्यालयों का चक्कर न लगाना पड़े। इसी उद्देश्य से प्रशासन गांव और पंचायत स्तर तक पहुंचकर लोगों की समस्याओं का समाधान कर रहा है। उन्होंने अधिकारियों और कर्मियों को निर्देश दिया कि वे जनसमस्याओं के प्रति संवेदनशील रहें तथा प्राप्त आवेदनों का निर्धारित समय सीमा के भीतर निष्पादन सुनिश्चित करें। अधिकारियों ने बताया कि शिविर में प्राप्त सभी आवेदनों की विभागवार जांच कर 30 दिनों के भीतर निष्पादन की कार्रवाई पूरी की जाएगी। शिविर सुबह 11 बजे से दोपहर 3 बजे तक चला, जिसमें बड़ी संख्या में ग्रामीणों ने भाग लेकर अपनी समस्याएं दर्ज कराईं। शिविर को सफल बनाने में जदयू प्रखंड अध्यक्ष रवि पटेल, मुखिया भागीरथी सिंह, पंचायत समिति सदस्य अंजू देवी, ब्लॉक हेल्थ मैनेजर मोहम्मद इरफान, कनीय अभियंता आनंद प्रसाद, प्रखंड कृषि पदाधिकारी जनार्दन यादव, सरपंच अशोक कुमार सिंह सहित सैकड़ों ग्रामीण, प्रबुद्ध नागरिक एवं एनडीए कार्यकर्ताओं की सक्रिय भागीदारी रही। स्थानीय ग्रामीणों ने पंचायत स्तर पर आयोजित इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि इससे सरकारी दफ्तरों के अनावश्यक चक्कर लगाने से राहत मिलेगी और समस्याओं का समाधान अधिक तेज़ी से हो सकेगा।
Kargahar, Rohtas | Jun 2, 2026