स्वच्छता की पाठशाला में बच्चों ने सीखा कचरा प्रबंधन का पाठ, स्वच्छ शहर बनाने की ली शपथ
यमुनानगर। नगर निगम की स्वच्छ भारत मिशन टीम द्वारा वार्ड नंबर 16 स्थित राजकीय माध्यमिक विद्यालय, लेबर कॉलोनी में ‘स्वच्छता की पाठशाला’ एवं स्वच्छता शपथ कार्यक्रम का आयोजन किया गया। मेयर सुमन बहमनी और नगर निगम आयुक्त महाबीर प्रसाद के निर्देशों पर आयोजित कार्यक्रम में विद्यार्थियों को स्वच्छता के महत्व और ठोस कचरा प्रबंधन के आधुनिक तरीकों के बारे में जागरूक किया गया।
कार्यक्रम के दौरान स्मार्ट टीवी के माध्यम से विद्यार्थियों को ठोस कचरा प्रबंधन नियम-2026 की जानकारी दी गई। प्रस्तुति के जरिए कचरे को उसके स्रोत पर अलग-अलग करने, चार डिब्बों की व्यवस्था, गीले एवं सूखे कचरे का उचित प्रबंधन, कचरे के प्रसंस्करण, जैविक खाद बनाने, पुनर्चक्रण तथा वैज्ञानिक तरीके से कचरे के निस्तारण की प्रक्रिया समझाई गई।
स्वच्छ भारत मिशन एक्सपर्ट आकाश कुमार ने विद्यार्थियों को बताया कि घरों और अन्य स्थानों पर कचरे को शुरुआत से ही अलग-अलग रखने से उसके प्रसंस्करण में आसानी होती है। इससे कचरे का बेहतर उपयोग किया जा सकता है और पर्यावरण पर पड़ने वाले नकारात्मक प्रभावों को भी कम किया जा सकता है।
टीम ने विद्यार्थियों को अपने घर, स्कूल और आसपास के क्षेत्र में स्वच्छता बनाए रखने, कचरा खुले में न फेंकने तथा कचरे को कम करने, वस्तुओं का दोबारा उपयोग करने और पुनर्चक्रण की आदत अपनाने के लिए प्रेरित किया।
कार्यक्रम के अंत में स्वच्छ भारत मिशन टीम ने विद्यार्थियों एवं उपस्थित शिक्षकों को स्वच्छता की शपथ दिलाई। सभी ने स्वच्छता को अपनी दैनिक जीवनशैली का हिस्सा बनाने और स्वच्छ एवं स्वस्थ यमुनानगर-जगाधरी के निर्माण में सक्रिय भागीदारी निभाने का संकल्प लिया।
फोटो कैप्शन - विद्यार्थियों को स्वच्छता के बारे में जानकारी देते नगर निगम के एक्सपर्ट
Panipat, Panipat | Nov 28, 2026