शहीद उधम सिंह राजकीय महाविद्यालय में ब्लॉक स्तरीय युवा संसद आयोजित, विधायक रामकुमार कश्यप ने किया युवाओं का मार्गदर्शन
कहा--- देश का युवा अत्यंत सक्षम, ऊर्जावान और प्रतिभाशाली,युवा इस ऊर्जा को सकारात्मक कार्यों में लगाएं
इंद्री , 28 नवंबर । मेरा युवा भारत , युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय, भारत सरकार की केंद्रीय क्षेत्र योजना राष्ट्रीय युवा नेता कार्यक्रम के अंतर्गत आज शहीद उधम सिंह राजकीय महाविद्यालय, मटक माजरी में ब्लॉक स्तरीय युवा संसद का आयोजन किया गया।कार्यक्रम में विधायक एवं गवर्मेंट चीफ व्हीप रामकुमार कश्यप ने बतौर मुख्य अतिथि शिरकत की। इस दौरान महाविद्यालय के प्राचार्य महिंदर बागी , डॉ. सुरेंद्र यादव , डॉ. अनिल सैनी सहित अन्य गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे। कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य युवाओं में नेतृत्व क्षमता विकसित करना, उन्हें सामाजिक एवं राष्ट्रीय मुद्दों पर विचार व्यक्त करने का मंच प्रदान करना तथा राष्ट्र निर्माण में उनकी सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करना रहा।
इस अवसर पर विधायक रामकुमार कश्यप ने अपने संबोधन में कहा कि भारत विश्व में जनसांख्यिकीय लाभांश की दृष्टि से समृद्ध देश है। देश का युवा वर्ग अत्यंत सक्षम, ऊर्जावान और प्रतिभाशाली है। युवाओं की इस ऊर्जा को नशे जैसी बुराइयों में व्यर्थ करने के बजाय खेल, शिक्षा, पर्यावरण संरक्षण एवं समाज के सकारात्मक कार्यों में लगाना आवश्यक है। इसके लिए युवाओं में जागरूकता और सही दिशा का होना बेहद जरूरी है।
उन्होंने कहा कि यदि ‘युवा’ शब्द को उल्टा पढ़ा जाए तो ‘वायु’ बनता है, जिसका अर्थ हवा है। जिस प्रकार शक्तिशाली हवा में अपार ऊर्जा होती है, उसी प्रकार युवाओं की ऊर्जा भी परिवर्तन लाने की अद्भुत क्षमता रखती है। आवश्यकता है कि इस ऊर्जा का सही दिशा में उपयोग किया जाए। उन्होंने युवाओं से अच्छे नागरिक बनने, राष्ट्र निर्माण में अपना योगदान देने तथा अपने जीवन को किसी सकारात्मक उद्देश्य के साथ आगे बढ़ाने का आह्वान किया।
उन्होंने मोबाइल की लत एवं किसी भी प्रकार के नशे से दूर रहने पर विशेष जोर देते हुए कहा कि मोबाइल की अत्यधिक लत भी व्यक्ति के जीवन और कार्यक्षमता को प्रभावित करती है। युवाओं को अपनी दिनचर्या में कम से कम एक घंटा शारीरिक फिटनेस एवं व्यायाम के लिए अवश्य निकालना चाहिए। उन्होंने कहा कि स्वस्थ शरीर, अनुशासित जीवन और सकारात्मक सोच ही एक सशक्त युवा एवं विकसित राष्ट्र की आधारशिला हैं।
महाविद्यालय के प्राचार्य महिंदर बागी ने अपने संदेश में कहा कि शैक्षणिक संस्थानों की भूमिका केवल विद्यार्थियों को किताबी शिक्षा