तकनीकी शिक्षा से ही युवाओं को मिलेंगे बेहतर अवसर : कैलाश कोठारी
महेश नवमी महोत्सव में 37 प्रतिभावान विद्यार्थियों व 40 वरिष्ठजनों का सम्मान, भव्य शोभायात्रा का हुआ स्वागत
भीलवाड़ा/ आकोला :(रमेश चंद्र डाड) माहेश्वरी समाज काछोला के तत्वावधान में आयोजित माण्डलगढ़ तहसील स्तरीय महेश नवमी महोत्सव मंगलवार को श्रद्धा, उत्साह और सामाजिक समरसता के साथ संपन्न हुआ। महोत्सव में मांडलगढ़ एवं बिजौलिया क्षेत्र के विभिन्न गांवों से बड़ी संख्या में समाजबंधुओं ने भाग लिया। भगवान महेश की भव्य शोभायात्रा में हजारों श्रद्धालुओं की मौजूदगी से कस्बे की सड़कें भक्तिमय माहौल से सराबोर हो गईं।
समारोह के मुख्य अतिथि दक्षिणी राजस्थान प्रादेशिक माहेश्वरी सभा के पूर्व अध्यक्ष कैलाश कोठारी ने कहा कि वर्तमान दौर तकनीकी विकास का है और भावी पीढ़ी को उच्च शिक्षा के साथ तकनीकी शिक्षा को भी प्राथमिकता देनी चाहिए। तकनीकी ज्ञान युवाओं को रोजगार एवं स्वरोजगार के बेहतर अवसर उपलब्ध कराता है तथा उन्हें प्रतिस्पर्धात्मक युग में आगे बढ़ने की क्षमता प्रदान करता है।
उन्होंने विद्यार्थियों से पारंपरिक शिक्षा के साथ आधुनिक तकनीकी कौशल विकसित करने का आह्वान करते हुए कहा कि शिक्षा का उद्देश्य केवल डिग्री प्राप्त करना नहीं, बल्कि ज्ञान, कौशल और व्यक्तित्व का समग्र विकास करना है। उन्होंने अभिभावकों से बच्चों को तकनीकी एवं व्यावसायिक शिक्षा के लिए प्रेरित करने का आग्रह किया, ताकि युवा आत्मनिर्भर बनकर राष्ट्र निर्माण में अपनी महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकें।
कार्यक्रम में माहेश्वरी समाज के अध्यक्ष ओमप्रकाश मूंदड़ा एवं काछोला अध्यक्ष सूरतराम गगरानी ने सभी अतिथियों एवं समाजजनों का स्वागत करते हुए आभार व्यक्त किया। जिला अध्यक्ष अशोक बाहेती ने जिला सभा की विभिन्न योजनाओं की जानकारी देते हुए समाजजनों से उनका लाभ लेने का आग्रह किया। साथ ही महासभा द्वारा चलाई जा रही योजनाओं का लाभ निचले तबके तक पहुंच सके एसा कार्य संगठन को करना चाहिए । मुख्य वक्ता जगदीश प्रसाद कोगटा ने मोबाइल के सदुपयोग एवं उसके सकारात्मक प्रभावों पर प्रकाश डाला।एवं कोगटा ने कहा हमें माहेश्वरीयों जैसा आचरण भी जीवन मे अपनाना चाहिए ।
एलन ग्रुप के निदेशक राकेश माहेश्वरी ने कहा कि वर्तमान प्रतिस्पर्धात्मक युग में बच्चों के लिए उच्च शिक्षा अत्यंत आवश्यक है। उन्होंने अभिभावकों से बच्चों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा दिलाने के लिए प्रेरित किया। माहेश्वरी समाज में टेंलेंट की कमी नहीं लेकिन कुछ बड़ा करने के लिए कड़ी मेहनत करनी पड़ेगी ।
समारोह में शिक्षा, खेल एवं अन्य क्षेत्रों में उत्कृष्ट उपलब्धियां हासिल करने वाले 37 प्रतिभावान विद्यार्थियों तथा 40 वरिष्ठजनों का प्रशस्ति पत्र एवं स्मृति चिन्ह देकर सम्मान किया गया। कार्यक्रम में अलका लड्ढा, पूर्व प्रधान जितेन्द्र मूंदड़ा, पूर्व अध्यक्ष रमेश बसेर, गोवर्धनलाल झवर, मानसिंह मूंदड़ा,तहसील मंत्री ओमप्रकाश लड्ढा, भगवान काबरा सहित बड़ी संख्या में समाजजन उपस्थित रहे। कार्यक्रम का संचालन दीपक काबरा ने किया।
इस अवसर पर प्रसिद्ध भजन गायक गोकुल शर्मा ने एक से बढ़कर एक भजनों की प्रस्तुति देकर श्रद्धालुओं को भावविभोर कर दिया। उनके भजनों पर श्रद्धालु झूम उठे और पूरे आयोजन में भक्तिमय वातावरण बना रहा।
भव्य शोभायात्रा ने बांधा समां
कार्यक्रम से पूर्व भगवान महेश की भव्य शोभायात्रा बैंड-बाजों के साथ निकाली गई। शोभायात्रा मुख्य बाजार से होते हुए सांवरिया रिसॉर्ट पहुंची। मार्ग में विभिन्न स्थानों पर श्रद्धालुओं एवं समाजजनों ने पुष्पवर्षा कर स्वागत किया। भगवान महेश के जयकारों और भक्ति गीतों के बीच श्रद्धालु उत्साहपूर्वक नृत्य करते हुए आगे बढ़ते रहे। शोभायात्रा के दौरान पूरे क्षेत्र में भक्तिमय एवं उत्साहपूर्ण वातावरण बना रहा।कार्यक्रम के समापन पर स्नेहभोज का आयोजन किया गया