"थली पुल नहीं सुधरा तो होगा उग्र आंदोलन" — ग्रामीणों का प्रशासन को अल्टीमेटम, डीसी कार्यालय घेरने की चेतावनी
हिमाचल 84 टीवी ब्यूरो भरमौर,
ग्राम पंचायत रनूहकोठी के अंतर्गत थली पुल की जर्जर स्थिति को लेकर ग्रामीणों का आक्रोश लगातार बढ़ता जा रहा है। पुल की हालत इतनी दयनीय हो चुकी है कि यहां से गुजरने वाले लोगों को हर दिन जान जोखिम में डालकर आवाजाही करनी पड़ रही है। ग्रामीणों का कहना है कि यदि समय रहते पुल की मरम्मत नहीं की गई तो कभी भी बड़ा हादसा हो सकता है।
स्थानीय लोगों के अनुसार इस गंभीर समस्या से प्रशासन को कई बार अवगत करवाया जा चुका है, लेकिन अभी तक कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया। ग्रामीणों ने सवाल उठाया कि क्या प्रशासन किसी बड़ी दुर्घटना का इंतजार कर रहा है? क्या किसी मासूम की जान जाने के बाद ही व्यवस्था जागेगी?
सबसे अधिक चिंता का विषय यह है कि प्रतिदिन स्कूली बच्चे इसी पुल से होकर विद्यालय आते-जाते हैं। इसके अलावा ग्रामीण अपने मवेशियों तथा दैनिक कार्यों के लिए भी इसी पुल का उपयोग करने को मजबूर हैं। पुल की बदहाल स्थिति के कारण हर समय दुर्घटना का खतरा बना हुआ है।
पंचायत समिति सदस्य शिल्पा देवी, युवा आजाद क्लब सामरा के अध्यक्ष अश्वनी कुमार तथा ग्रामीण कुलदीप कुमार, जफो राम, गेहरा राम, बहादुर सिंह, देवो राम और अमित सोई सहित अन्य लोगों ने प्रशासन को चेतावनी देते हुए कहा कि यदि इस बार भी पुल की मरम्मत के लिए तत्काल और प्रभावी कार्रवाई नहीं की गई तो क्षेत्रवासी चम्बा उपायुक्त कार्यालय के बाहर उग्र आंदोलन करेंगे, जिसकी पूरी जिम्मेदारी प्रशासन की होगी।
ग्रामीणों ने कहा कि यह केवल पुल की मरम्मत का मामला नहीं, बल्कि सैकड़ों लोगों की सुरक्षा और जीवन से जुड़ा गंभीर मुद्दा है। उन्होंने प्रशासन से मांग की है कि किसी अनहोनी का इंतजार करने के बजाय तत्काल पुल की मरम्मत कर लोगों को सुरक्षित आवागमन की सुविधा उपलब्ध कराई जाए।