छतरपुर बस किराए में बढ़ोतरी के विरोध में छतरपुर जिले में छात्र-छात्राओं का विरोध प्रदर्शन लगातार जारी है।शनिवार को छतरपुर के महाराजा कॉलेज के छात्र-छात्राओं ने बस किराए में हुई बढ़ोतरी के खिलाफ प्रदर्शन करते हुए अपना विरोध दर्ज कराया।प्रदर्शन के दौरान छात्र-छात्राएं छतरपुर कलेक्ट्रेट कार्यालय के बाहर और चौबे तिराहे पर पहुंच गए। यहां छात्रों ने सड़क पर बैठकर विरोध प्रदर्शन किया, जिसके चलते कुछ समय के लिए यातायात प्रभावित हुआ और सड़क पर जाम की स्थिति बन गई।सूचना मिलते ही सिटी कोतवाली थाना पुलिस मौके पर पहुंची और प्रदर्शन कर रहे छात्र-छात्राओं को समझाइश दी। पुलिस की समझाइश के बाद छात्रों को सड़क से हटाकर कलेक्ट्रेट कार्यालय के गेट के बाहर बैठाया गया।छात्र-छात्राओं का कहना है कि बस किराए में बढ़ोतरी का सीधा असर विद्यार्थियों की पढ़ाई और रोजाना कॉलेज आने-जाने के खर्च पर पड़ेगा। छात्र बढ़ा हुआ किराया वापस लेने की मांग को लेकर कलेक्ट्रेट गेट के बाहर धरने पर बैठे हैं।फिलहाल छात्रों का विरोध प्रदर्शन जारी है और अब देखना होगा कि छात्र-छात्राओं के इस विरोध के बाद प्रशासन और सरकार की ओर से बस किराया बढ़ोतरी को लेकर क्या निर्णय लिया जाता है।
हिमांशु अग्रवाल
छतरपुर