गुवा में रावण दहन कार्यक्रम में शामिल हुए पूर्व मुख्यमंत्री मधु कोड़ा एवं पूर्व सांसद गीता कोड़ा
गुवा, विजयदशमी। विजयदशमी के पावन अवसर पर गुवा में आयोजित रावण दहन कार्यक्रम में झारखंड के पूर्व मुख्यमंत्री श्री मधु कोड़ा एवं भाजपा की प्रदेश उपाध्यक्ष सह पूर्व सांसद श्रीमती गीता कोड़ा बतौर मुख्य अतिथि शामिल हुए। इस अवसर पर रावण दहन के साथ भव्य सांस्कृतिक कार्यक्रम का भी आयोजन किया गया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में स्थानीय लोगों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया और सांस्कृतिक प्रस्तुतियों का जमकर आनंद उठाया।
इस अवसर पर पूर्व मुख्यमंत्री श्री मधु कोड़ा ने कहा कि विजयदशमी का पर्व असत्य पर सत्य, अधर्म पर धर्म और बुराई पर अच्छाई की विजय का प्रतीक है। हमें भगवान श्रीराम के आदर्शों को अपनाकर समाज में सद्भाव, एकता और नैतिक मूल्यों को मजबूत करना चाहिए।
वहीं, भाजपा प्रदेश उपाध्यक्ष सह पूर्व सांसद श्रीमती गीता कोड़ा ने कहा कि विजयदशमी हमें अन्याय और बुराइयों के विरुद्ध खड़े होने की प्रेरणा देती है। यह पर्व आपसी भाईचारे, सामाजिक एकता और क्षेत्र की सुख-समृद्धि के संकल्प को मजबूत करने का अवसर है।
कार्यक्रम हर्षोल्लास एवं उत्साह के वातावरण में संपन्न हुआ।