जालौन पहुंचे डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्य, MLC चुनाव को लेकर भाजपा की संगठनात्मक बैठक में भरा जोश
उत्तर प्रदेश के उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य बुधवार को जालौन दौरे पर उरई पहुंचे। कालपी रोड स्थित होटल जागृति रॉयल में भाजपा की संगठनात्मक समीक्षा बैठक आयोजित की गई, जिसमें इलाहाबाद-झांसी शिक्षक खंड निर्वाचन क्षेत्र के MLC चुनाव को लेकर रणनीति पर मंथन हुआ।
बैठक में क्षेत्रीय अध्यक्ष रामकिशोर साहू, पूर्व सांसद मानवेंद्र सिंह, भाजपा जिलाध्यक्ष उर्विजा दीक्षित, जिला पंचायत अध्यक्ष घनश्याम अनुरागी, सदर विधायक गौरी शंकर वर्मा, कालपी विधायक विनोद चतुर्वेदी, एवं माधौगढ़ विधायक मूलचंद निरंजन सहित शिक्षक प्रकोष्ठ व संगठन के तमाम पदाधिकारी मौजूद रहे।
उपमुख्यमंत्री ने संगठन की तैयारियों की समीक्षा करते हुए पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं को चुनाव से जुड़ी जिम्मेदारियां सौंपी और बूथ स्तर तक समन्वय मजबूत करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि शिक्षक वर्ग भाजपा का महत्वपूर्ण आधार है और इस चुनाव में हर शिक्षक मतदाता तक पहुंच बनानी है।
बैठक को गोपनीय रखा गया था, इसलिए विस्तृत चर्चा के बिंदु आधिकारिक तौर पर सामने नहीं आए हैं, लेकिन सूत्रों के मुताबिक जल्द ही जनपद स्तर पर प्रचार अभियान तेज करने पर सहमति बनी है।
Jalaun, Jalaun | Oct 14, 2026