सर्राफा बाजार में चोरी की घटना पर तीन पुलिसकर्मीयो पर गिरी गाज,
रात्रि गश्त में तैनाती के बावजूद हुई चोरी, एसपी ने लापरवाही मानते हुए की निलंबन की कार्रवाई
राम चन्द्र राजपूत पत्रकार
उरई (जालौन)। रामपुरा कस्बे के सर्राफा बाजार में चोरी की घटना के मामले में पुलिस अधीक्षक जालौन ने सख्त कार्रवाई करते हुए ड्यूटी पर तैनात तीन पुलिसकर्मियों को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है। इनमें उपनिरीक्षक जगदीश, आरक्षी अनिल कुमार और आरक्षी रामकेश शामिल हैं।
पुलिस के अनुसार, 14 नवंबर की रात तीनों पुलिसकर्मियों की ड्यूटी रामपुरा कस्बे के सर्राफा बाजार में रात्रि गश्त के लिए लगाई गई थी। इसके बावजूद ड्यूटी के दौरान ही बाजार में चोरी की घटना हो गई। मामले को गंभीरता से लेते हुए एसपी ने इसे ड्यूटी में घोर लापरवाही और उदासीनता मानते हुए तीनों को निलंबित कर उनके खिलाफ विभागीय जांच के आदेश दिए हैं।
निलंबन अवधि में तीनों पुलिसकर्मी पुलिस लाइन उरई में रहेंगे और बिना अनुमति मुख्यालय नहीं छोड़ सकेंगे। एसपी ने स्पष्ट किया कि रात्रि गश्त और पिकेट ड्यूटी में लापरवाही किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
Jalaun, Jalaun | Nov 15, 2026